Site icon Dainik Savera Times

CM सुखविंदर सुक्खू दिल्ली के लिए हुए रवाना, बिलासपुर में कार्यक्रम के लिए राहुल-खड़गे और प्रियंका को करेंगे आमंत्रित

CM Sukhwinder Sukhu : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के गृहनगर बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम के लिए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को हिमाचल आमंत्रित करेंगे।

इस दौरान सीएम सुक्खू कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से भी मुलाकात कर सकते हैं। इससे प्रदेश की सियासत गरमा गई है, क्योंकि प्रदेश में कांग्रेस की नई कार्यकारिणी (पीसीसी) का गठन होना है। सीएम से पहले कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह दिल्ली में राजीव शुक्ला से मुलाकात कर शिमला लौट आई हैं। प्रतिभा सिंह ने संगठन में अपने समर्थकों की ताजपोशी के लिए पैरवी की है।

अब सीएम सुक्खू नई कार्यकारिणी को लेकर दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। वह संगठन में प्रमुख पदों पर अपने समर्थकों की ताजपोशी के लिए पैरवी कर सकते हैं। खासकर संगठन महासचिव और कोषाध्यक्ष के लिए वह अपने समर्थक का नाम पार्टी हाईकमान के समक्ष रख सकते हैं।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि सीएम सुक्खू संगठन महासचिव पद के लिए प्रेम कौशल का नाम आगे बढ़ा सकते हैं या फिर मौजूदा संगठन महासचिव रजनीश किमटा के नाम पर भी सहमति दे सकते हैं। प्रतिभा सिंह ने राजीव शुक्ला से मुलाकात कर अपने गुट के नेताओं की ताजपोशी पर भी चर्चा की है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने पिछले महीने हिमाचल में कांग्रेस की प्रदेश, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी को भंग कर दिया है। अब प्रदेश कांग्रेस में एकमात्र पदाधिकारी के तौर पर सिर्फ प्रदेश अध्यक्ष प्रतीक्षा सिंह ही बची हैं। इसलिए नई कार्यकारिणी का गठन होना है। यह काम पार्टी हाईकमान को प्रदेश कांग्रेस नेताओं से चर्चा के बाद करना है।

Exit mobile version