पधर: युवाओं को नशे विशेषकर चिट्टे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से पधर उपमंडल में ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान’ के तहत आठ खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस संबंध में बुधवार को एसडीएम पधर सुरजीत सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की गई।
एसडीएम ने बताया कि अभियान के तहत क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, एथलेटिक्स, कुश्ती, हॉकी और रस्साकशी की प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। खिलाड़ियों के ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर, 2026 कर दी गई है। इच्छुक खिलाड़ी https://khelohimachal.hp.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण करवा सकते हैं। खिलाड़ी एक से अधिक खेलों में भी भाग लेने के लिए पंजीकरण कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताएं दो चरणों में होंगी। पहला चरण 25 से 27 दिसंबर, 2026 तथा दूसरा चरण 1 से 8 जनवरी, 2027 तक आयोजित करने का प्रस्ताव है। प्रतियोगिताओं के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पधर व सियुन, राजकीय महाविद्यालय नारला तथा डायनापार्क क्रिकेट मैदान निर्धारित किए गए हैं।
एसडीएम ने बताया कि कबड्डी, वॉलीबॉल और क्रिकेट में उपमंडल स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 51 हजार, 41 हजार और 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। जिला स्तर पर यह राशि 2 लाख, 1.50 लाख और 1 लाख रुपये तथा राज्य स्तर पर 31 लाख, 15 लाख और 10 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों और संबंधित विभागों से अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। प्रत्येक खेल प्रतियोगिता से पहले प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
इस बारे में जानकारी एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ने दी।
📍 Location: Mandi (Mandi)