Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

Congress सरकार ने सत्ता में आते ही 619 संस्थानों को किया डिनोटिफाईः Suresh Kashyap

January 2, 2023

Congress सरकार ने सत्ता में आते ही 619 संस्थानों को किया डिनोटिफाईः Suresh Kashyap

ऊनाः हिमाचल प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी के विरुद्ध काम करने वाले भाजपा नेताओं व कायकर्ताओं को अब पार्टी में वापिस शामिल नहीं किया जाएगा। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने सोमवार को भाजपा कार्यालय ऊना में पत्रकार वार्ता के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि बगावत कर भाजपा नेताओं के चुनाव मैदान में उतरने व पार्टी के विरुद्ध काम करने के चलते भाजपा को 9 सीटों पर नुकसान हुआ है। वहीं भाजपा को कई सीटों पर मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा। हाईकमान ने इन्हें पार्टी से निष्कासित किया है, जिन्हें अब पार्टी शामिल नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में निष्कासित किए नेताओं व कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनावों में भी पार्टी में नहीं लिया जाएगा।

सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही 619 संस्थानों को डिनोटिफाई कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ कि सरकार की कैबिनेट बनी नहीं और पूर्व कैबिनेट द्वारा नोटिफाई किए गए संस्थानों को बंद कर दिया गया हो। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कैबिनेट की मंजूरी के साथ इन संस्थानों को खोला था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अभी मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री ही बनाए है। विधायकों को शपथ भी नहीं दिलाई गई है। अभी से ही कांग्रेस सरकार ने जनविरोधी निर्णय लेने शुरु कर दिए है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पूर्ण बहुमत के साथ इन संस्थानों को खोला गया था। बाकायदा इसके लिए बजट का प्रावधान किया गया था अगेंस्ट पोस्ट क्रियेट की गई थी।

उन्होंने कहा कि अब कहा जा रहा है कि हमें इन्हें दोबार रिव्यू करेंगे। उन्होंने कहा कि जब संस्थान बंद ही कर दिए गए है तो उन्होंने दोबारा रिव्यू करने का क्या मतलब है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सबसे ज्यादा स्वास्थ्य संस्थानों को डिनोटिफाई किया है। प्रदेश भर में 219 पीएचसी, सीएचसी सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को डिनोटिफाई किया गया। उन्होंने कहा कि देश में कोरोना वायरस फिर से आंतक मचा रहा है। देश में भी कोरोना वायरस आने से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कोरोना को देखते हुए स्वास्थ्य संस्थनों को और सुदृढ किया जाना चाहिए था, लेकिन सरकार ने उल्टा जनविरोधी निर्णय लिए है।

उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड के 32 संस्थानों व आईपीएच विभाग के सर्कल व डिविजनों, बीडीओ कार्यालयों को भी डिनोटिफाई किया गया। सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस सरकार पहले कैबिनेट बनाती और लोगों से किए गए 10 गारंटी वायदों को पूरा करती। उन्होंने कहा कि कर्मचारी ओपीएस के इंतजार में है। महिलाएं 1500 की आस लगाए बैठी है। एक लाख युवाओं को रोजगार का वायदा किया गया था, उसे भी पूरा करते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के 15 दिनों में ही लोगों को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है, जोकि दुर्भाग्यपूर्ण है। इस अवसर पर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व विधायक सतपाल सत्ती, जिला भाजपाध्यक्ष मनोहर लाल, जिला किसान मोर्चा के अध्यक्ष धर्मेंद्र राणा, अनिल डढवाल, सह मीडिया प्रभारी करण उपस्थित थे।

सुरेश कश्यप ने कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोप कर्मचारी चयन आयोग भ्रष्टाचार का अडड़ा पर कहा कि कांग्रेस इन्क्वायरी करवाएं। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकाल में पुलिस पेपर लीक मामले में कांग्रेस ने खूब हल्ला मचाया था। कांग्रेस सरकार बनने के कुछ दिनों बाद ही 3-3 पेपर लीक होने के मामले सामने आए है। कांग्रेस अब चुप्प क्यों बैठी है।

सीमेंट उद्योग बंद होने से नुकसान

सुरेश कश्यप ने कहा कि सिमेंट उद्योग का बंद होने से 30 हजार लोग प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रुप से प्रभावित हुए है। मुख्यमंत्री इन लोगों के बारे में भी संज्ञान लें, जिनका रोजगार छीन गया है। कुछ लोगों ने हाल ही में ट्रक लिए थे, जिन्हें अब किश्तें भरना भी मुश्किल हो जाएगा।

बोर्ड बंद करना युवाओं से धोखा

भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस ने हमीरपुर कर्मचारी चयन आयोग को बंद कर युवाओं के भविष्य के साथ कुठाराघात किया है। 2500 लोगों ने विभिन्न पोस्टों के लिए लिखित परीक्षाएं दी थी। आयोग के बंद होने से अब उनकी नियुक्तियां फंस गई हे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहली ही कैबिनेट में एक लाख युवाओं को नौकरियां देने की बात करती थी, लेकिन लिखित परीक्षा देने वाले व फाईनल भर्तियों के इंतजार में बैठे युवाओं के साथ धोखा किया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें