Congress Observes ‘Black Day’, Protests Outside DC Office : शिमला। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी किन्नौर ने गुरुवार को ‘काला दिवस’ मनाते हुए रिकांग पिओ स्थित उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और मताधिकार की सुरक्षा की मांग उठाई।
प्रदर्शन का आयोजन पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय सचिव एवं जिला कांग्रेस कमेटी किन्नौर के पूर्व संगठन महामंत्री अधिवक्ता राम सिंह नेगी की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अपना विरोध दर्ज करवाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं और INDIA ब्लॉक के सांसदों द्वारा किए जा रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान उनके साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया।
इसके विरोध में देशभर में “काला दिवस” मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में किन्नौर में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, संविधान की रक्षा और नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोच्च होता है और निर्वाचन प्रक्रिया पर लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े गंभीर सवालों का उचित तरीके से जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती के लिए सभी संबंधित पक्षों को संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान करना चाहिए। जिला कांग्रेस कमेटी किन्नौर ने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए पार्टी शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज आगे भी उठाती रहेगी।

