Site icon Dainik Savera Times

कांग्रेस को चुनावों में मिलेगा मातृशक्ति का श्राप : जयराम ठाकुर

मंडी : मंडी जिला से संबंध रखने वाली फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत द्वारा चुनाव लड़ने को लेकर दिए गए बयान पर पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। आज मंडी में भाजपा महिला मोर्चा के कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जबाव में जयराम ठाकुर ने कहा कि जो चुनाव लड़ने का इच्छुक होता है वही इस तरह का बयान देता है। वैसे भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताने का अधिकार सभी को है लेकिन टिकट किसे देना, किसे नहीं और किसे कहां से चुनावी मैदान में उतारना है यह सब पार्टी हाईकमांड तय करता है। यह सब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर ही निर्भर करता है कि उन्होंने किसे कहां से टिकट देना है। इसपर किसी को भी टिका टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने झूठ बोलकर सत्ता हथियाई है और झूठ बोलकर ही सरकार भी चला रहे हैं। इस झूठ का आने वाले लोकसभा चुनावों में पटाक्षेप होने वाला है। महिलाओं के साथ 1500 का जो झूठा वादा किया था उसका खामियाजा कांग्रेस पार्टी को भुगतना पड़ेगा। हिमाचल प्रदेश में झूठ बोलने पर कांग्रेस पार्टी को महिला शक्ति का श्राप लगेगा। चुनावों में महिलाओं की भूमिका अहम रहती है और महिलाएं कांग्रेस के झूठ को भली भांति जान चुकी हैं। केंद्र की मोदी सरकार ने मातृ शक्ति का सम्मान करते हुए उन्हें उनका हक दिलाने की दिशा में कार्य किया है। आज लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिल पाया है।

Exit mobile version