
शिमला: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं शिमला जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सत्यजीत नेगी ने कहा है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशानिर्देशों के अनुसार ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन की आवाज प्रदेश के हर गांव और हर घर तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि देश के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए इस आंदोलन को मजबूती के साथ आगे बढ़ाना जरूरी है।
शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शिमला जिला कांग्रेस कमेटी की ग्रामीण एवं शहरी इकाइयों की संयुक्त बैठक की अध्यक्षता करते हुए सत्यजीत नेगी ने कहा कि भाजपा पर एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के नाम पर देश के 13 करोड़ से अधिक नागरिकों को उनके मताधिकार से वंचित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एसआईआर के नाम पर ऐसे लोगों के वोट काटे जा रहे हैं, जो अपनी आवाज प्रभावी ढंग से नहीं उठा सकते। कांग्रेस पार्टी ऐसे सभी लोगों के साथ खड़ी है, जिनके मताधिकार पर खतरा मंडरा रहा है।
उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की प्रत्येक पंचायत और घर तक पहुंच बनाएं। मतदाता सूचियों की जांच कर सभी पात्र मतदाताओं के नाम दर्ज करवाना सुनिश्चित करें। साथ ही लोगों को कथित वोट चोरी के खिलाफ जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
बैठक को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं प्रदेश मामलों के प्रभारी विधित चौधरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन को और तेज करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए बड़ी लड़ाई लड़ रहे हैं। इस संघर्ष में पार्टी के प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता को पूरी मजबूती के साथ अपनी भूमिका निभानी होगी।
वहीं शिमला जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने वर्चुअल माध्यम से कहा कि वह जल्द ही शिमला ग्रामीण के सभी पंचायतों का दौरा करेंगे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर आंदोलन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा। बैठक में शिमला ग्रामीण के सभी ब्लॉक अध्यक्ष भी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
📍 Location: शिमला (शिमला)
मेष: दिन शुभ रहेगा...