Last Updated: November 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘सनसनी से बचें पत्रकार, तथ्यों की पुष्टि को दें प्राथमिकता’

November 16, 2026

‘सनसनी से बचें पत्रकार, तथ्यों की पुष्टि को दें प्राथमिकता’

Credibility Defines Journalism, Not the Size of Media House : शिमला। डीसी अनुपम कश्यप ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के संप्रेषण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

पत्रकारिता की वास्तविक पहचान किसी बड़े मीडिया संस्थान से जुड़ने या हाथ में कैमरा होने से नहीं, बल्कि पत्रकार की विश्वसनीयता, तथ्यपरकता, पेशेवर आचरण और जनहित के प्रति उसकी प्रतिबद्धता से होती है। एक छोटे संस्थान में कार्य करने वाला व्यक्ति भी अपनी सूझबूझ, निष्पक्षता और जिम्मेदार कार्यशैली से उत्कृष्ट पत्रकारिता कर सकता है। उपायुक्त अनुपम कश्यप सोमवार को बचत भवन शिमला में राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

इस वर्ष प्रेस दिवस का विषय ‘पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ रहा। उपायुक्त ने सभी पत्रकार बंधुओं को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के दौर में हर व्यक्ति सबसे पहले सूचना देने की होड़ में है। इस जल्दबाजी में कई बार अपुष्ट सूचनाएं जनता तक पहुंच जाती हैं, जिससे भ्रम और अनावश्यक भय की स्थिति पैदा हो सकती है। इसलिए पत्रकारिता में संयम, विवेक और तथ्यों की पुष्टि अत्यंत आवश्यक है। समाचार का उद्देश्य केवल किसी घटना को सामने लाना नहीं, बल्कि उसकी वास्तविकता और गंभीरता को सही परिप्रेक्ष्य में जनता तक पहुंचाना भी होना चाहिए।

किसी घटना के सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पहलुओं को तथ्यों के आधार पर प्रस्तुत करना ही जिम्मेदार पत्रकारिता है। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से सरकार की विकासात्मक योजनाओं, शिक्षा, कृषि, बागवानी, उद्योग और जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी आम जनता तक पहुंच रही है। पत्रकारों द्वारा प्रकाशित सफलता की कहानियां समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बन रही हैं। रामपुर के लवी मेले में पारंपरिक हिमाचली व्यंजनों का स्टॉल लगाने वाले व्यक्ति की सफलता की कहानी इसका उदाहरण है, जिसने प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद पारंपरिक खानपान को बढ़ावा देने की दिशा में कदम बढ़ाया।

इसी प्रकार विभिन्न क्षेत्रों में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों और उनके प्रयासों को मीडिया के माध्यम से पहचान मिल रही है। इससे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरणा मिल रही है। उपायुक्त ने भट्टाकुफर क्षेत्र में निर्माणाधीन टनल के समीप उत्पन्न स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी विकासात्मक परियोजना में जनसुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। स्थिति की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभागों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

सुरक्षा की दृष्टि से निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रुकवाया गया तथा संबंधित अनुमतियां भी वापस ली गईं। प्रभावित क्षेत्र के भवनों का वर्गीकरण, टनल के ऊपर स्थित मकानों की पहचान और सुरक्षित क्षेत्र की मैपिंग सहित आवश्यक कदम उठाए गए। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ जनता तक सही और संपूर्ण जानकारी पहुंचाना भी आवश्यक है, ताकि लोगों में अनावश्यक भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना की रिपोर्टिंग करते समय संबंधित एजेंसियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों और तथ्यों को भी उचित स्थान मिलना चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें