crucial-discussion-on-road-projects : शिमला। भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश की सड़क अवसंरचना, राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार और प्रमुख सड़क परियोजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पठानकोट–चम्बा–भरमौर सड़क परियोजना को NHAI के तहत शुरू करने पर केंद्रीय मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे चम्बा-भरमौर क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
ठानकोट-चम्बा-भरमौर सड़क परियोजना का आभार
हर्ष महाजन ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष हिमाचल प्रदेश में सड़क अवसंरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विशेष रूप से दुर्गम एवं जनजातीय क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने, राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार तथा प्रदेश के विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान हर्ष महाजन ने पठानकोट–चम्बा–भरमौर सड़क परियोजना का कार्य प्रारंभ करने तथा इसे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अंतर्गत लाने के लिए केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
पर्यटन और विकास को मिलेगी रफ्तार
उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के साकार होने से चम्बा और भरमौर क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर एवं सुरक्षित सड़क सुविधा मिलेगी, पर्यटन को नई गति प्राप्त होगी तथा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी बड़ा बल मिलेगा। हर्ष महाजन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। सड़क, परिवहन और अधोसंरचना के क्षेत्र में केंद्र सरकार द्वारा अभूतपूर्व निवेश किया जा रहा है, जिससे प्रदेश के दूरदराज़ क्षेत्रों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।

