Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल में देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़, 3 महिलाओं को किया रेस्क्यू, 3 युवक अरेस्ट

Dah Vayapaar

Dah Vayapaar

हिमाचल डेस्कः प्रदेश के ऊना जिला मुख्यालय में गुरुवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हमीरपुर रोड स्थित एक ढाबे और निजी गेस्ट हाउस में चल रहे देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने छापेमारी के दौरान तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया, जबकि मौके से तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को पिछले काफी समय से इस गेस्ट हाउस में अवैध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। इस संबंध में कई शिकायतें भी पुलिस तक पहुंची थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने निगरानी शुरू की और एक संयुक्त टीम का गठन किया। टीम ने कई दिनों तक गेस्ट हाउस की गतिविधियों पर नजर रखी।

पुख्ता सूचना मिलने के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। गेस्ट हाउस में दबिश देकर तीन महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया और उन्हें पुलिस संरक्षण में लिया गया। वहीं मौके पर मौजूद तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। कमरों की तलाशी के दौरान पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमेठ ने बताया कि पहले से मिल रही सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही गेस्ट हाउस संचालक की भूमिका भी जांच के दायरे में है। यदि उसकी संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रेस्क्यू की गई महिलाओं से भी पूछताछ जारी है।

Exit mobile version