Site icon Dainik Savera Times

उपमुख्यमंत्री ने फतेहपुर में जल शक्ति विभाग के प्रमुख अभियंता (प्रोजेक्ट) कार्यालय का किया शुभारंभ

शिमला: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को जिला कांगड़ा के फतेहपुर में जल शक्ति विभाग के पुनर्स्थापित प्रमुख अभियंता (प्रोजेक्ट) कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कार्यालय सोमवार से विधिवत कार्य करना शुरू कर देगा। यह कार्यालय विशेष रूप से सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण से जुड़े कार्यों का संचालन करेगा। इसके पुनर्स्थापन से प्रदेश की सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण परियोजनाओं की निगरानी, संचालन और तकनीकी कार्यों में अधिक तेजी आएगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यालय पहले मंडी स्थानांतरित कर दिया गया था, जिसे अब पुनः फतेहपुर में स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि कार्यालय भवन के नवीनीकरण का कार्य भी प्रगति पर है, ताकि अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि अब सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण से संबंधित प्रदेश की महत्वपूर्ण परियोजनाओं का संचालन और तकनीकी नियंत्रण फतेहपुर से किया जाएगा। इनमें शाहनहर परियोजना, फिन्ना सिंह सिंचाई परियोजना, सिद्धार्था सिंचाई परियोजना सहित विभाग की अन्य प्रमुख सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण परियोजनाएं शामिल हैं। इससे परियोजनाओं की निगरानी, तकनीकी स्वीकृति तथा कार्यों के निष्पादन में तेजी आएगी और प्रदेश के किसानों एवं आम लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

इसके उपरांत उप मुख्यमंत्री ने 3.70 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन फतेहपुर बस अड्डे का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि बस अड्डे का निर्माण इस वर्ष अक्टूबर अथवा नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया बस अड्डा बनने से क्षेत्र के लोगों और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कैप्टन जीत शर्मा, पुलिस जिला नूरपुर की पुलिस अधीक्षक एल्मा अफरोज, मुख्य अभियंता धर्मेंद्र गिल, अधीक्षण अभियंता नूरपुर संजय ठाकुर सहित जल शक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version