Site icon Dainik Savera Times

DGP अशोक तिवारी ने युवाओं से नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ने का किया आह्वान

मंडी: प्रदेश सरकार के नशा मुक्त एवं चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत विजय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन, बडसू बगला में एंटी चिट्टा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आईपीएस अशोक तिवारी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक, सेंट्रल रेंज मंडी आईपीएस राहुल नाथ तथा पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में संस्थान के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को उजागर करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर डीजीपी अशोक तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा आज समाज के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुका है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, खेलकूद तथा सकारात्मक गतिविधियों में करने का आह्वान किया। चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस एवं प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास नशे से जुड़ी गतिविधियों के प्रति सजग रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने की अपील की। साथ ही उन्होंने 13 नवंबर को मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित होने वाली एंटी चिट्टा वॉकथॉन में संस्थान के विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।

इससे पूर्व, डीजीपी ने पड्डल मैदान पहुंचकर वॉकथॉन की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आयोजन की व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राजकीय वल्लभ महाविद्यालय मंडी में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए चिट्टे जैसे घातक नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया तथा युवाओं से नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संस्थान के चेयरमैन गौरव मरवाह, प्रधानाचार्य दीप्ति मरवाह, शिक्षकगण, विद्यार्थी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

📍 Location: Mandi (Mandi)

Exit mobile version