Site icon Dainik Savera Times

IPL मैचों के लिए धर्मशाला तैयार; 11, 14 और 17 मई को होंगे मुकाबले

धर्मशाला: धर्मशाला स्थित एच.पी.सी.ए. स्टेडियम में 11, 14 और 17 मई को आयोजित होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तीन महत्वपूर्ण मैचों को लेकर जिला प्रशासन कांगड़ा ने सुरक्षा, आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया से संबंधित सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। इस संबंध में एडीएम कांगड़ा शिल्पी बेक्टा ने बताया कि पूर्व निर्धारित चारों मॉक ड्रिल्स सफलतापूर्वक संपन्न कर ली गई हैं, जिनमें विभिन्न संभावित आपदा परिदृश्यों का अभ्यास कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।

उन्होंने बताया कि स्ट्रक्चरल कोलैप्स ड्रिल के दौरान स्टेडियम के आंशिक हिस्से के ध्वस्त होने की काल्पनिक स्थिति में खोज एवं बचाव अभियान, घायलों की सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, ट्रायेज व्यवस्था तथा एम्बुलेंस मूवमेंट की प्रभावशीलता का परीक्षण किया गया। वहीं ड्रोन घुसपैठ एवं एयरस्पेस खतरे से संबंधित सिमुलेशन में सुरक्षा एजेंसियों, पुलिस और तकनीकी टीमों की त्वरित प्रतिक्रिया, सूचना तंत्र और एयरस्पेस प्रोटोकॉल की जांच की गई।

इसके अलावा नाइट-टाइम इमरजेंसी ड्रिल के तहत बिजली बाधित होने की स्थिति में बैकअप लाइटिंग सिस्टम, कम दृश्यता में निकासी व्यवस्था, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और आपातकालीन निकास मार्गों का परीक्षण किया गया। फायर इमरजेंसी ड्रिल के दौरान फूड कोर्ट एवं इलेक्ट्रिकल रूम में आग लगने की काल्पनिक स्थिति में फायर फाइटिंग, धुआं नियंत्रण, हाइड्रेंट सिस्टम और घायलों की निकासी का सफल अभ्यास किया गया।

Exit mobile version