Site icon Dainik Savera Times

धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा पर आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज

धर्मशाला: राज्य विजिलेंस एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने धर्मशाला से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। विजिलेंस ने धर्मशाला थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। विजिलेंस के अनुसार यह कार्रवाई प्रारंभिक जांच के दौरान जुटाए गए दस्तावेजों, तकनीकी मूल्यांकन रिपोर्टों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर की गई है।

जांच एजेंसी अब विधायक की चल-अचल संपत्तियों, आय के स्रोतों, बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की विस्तृत जांच करेगी। सूत्रों के मुताबिक जांच के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित दस्तावेज जुटाए गए हैं। आवासीय भवनों और अन्य परिसंपत्तियों के मूल्यांकन के लिए संबंधित विभागों की तकनीकी रिपोर्ट भी ली गई है।

लोक निर्माण विभाग सहित अन्य एजेंसियों से प्राप्त मूल्यांकन रिपोर्टों के आधार पर आगे की जांच को गति दी गई है। अब विजिलेंस का फोकस संपत्तियों के अधिग्रहण की अवधि, उनके लिए इस्तेमाल धन के स्रोत, बैंकिंग रिकॉर्ड, निवेश और आयकर दस्तावेजों के सत्यापन पर रहेगा। जांच के दौरान जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों, वित्तीय संस्थानों और अन्य लोगों से पूछताछ भी की जा सकती है।

 

Exit mobile version