Digital Financial Literacy Camp Held in Jhungi : कुल्लू। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की निहरी शाखा की ओर से ग्राम पंचायत झूंगी में डिजिटल वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीणों को बैंकिंग योजनाओं, ऋण सुविधाओं, डिजिटल भुगतान और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया।
शिविर में शाखा प्रबंधक जितेंद्र कुमार और निशांत शर्मा ने उपस्थित पंचायत प्रधान, उपप्रधान तथा स्थानीय लोगों को बैंक एवं नाबार्ड की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने लोगों को बचत खाता, आरडी, फिक्स्ड डिपॉजिट, सपनों का संचय योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के बारे में विस्तार से बताया। इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड, पिकअप लोन, शिक्षा ऋण सहित बैंक की विभिन्न ऋण सुविधाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
शिविर में उपस्थित लोगों को डिजिटल बैंकिंग और ऑनलाइन भुगतान के तरीकों से भी अवगत करवाया गया। उन्हें गूगल पे और हिमपैसा जैसी डिजिटल भुगतान सुविधाओं के उपयोग के बारे में बताया गया। साथ ही ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, साइबर फ्रॉड और अन्य वित्तीय अपराधों से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देकर सतर्क रहने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए बैंक की इस पहल के प्रति अपनी सहमति और सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की।

