Dinesh Bhatt Joins Delhi HC : शिमला। शिमला निवासी और दिल्ली उच्च न्यायिक सेवा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश भट्ट को राष्ट्रपति ने दिल्ली हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया है। उन्होंने मंगलवार को दिल्ली हाईकोर्ट में न्यायाधीश पद की शपथ ली। उनकी नियुक्ति से शिमला में खुशी का माहौल है।
मंगलवार को उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट में न्यायमूर्ति के रूप में पद की शपथ ग्रहण की। उनकी नियुक्ति से शिमला में खुशी का माहौल है और विभिन्न वर्गों ने इसे शहर के लिए गौरव का क्षण बताया है। न्यायमूर्ति दिनेश भट्ट का जन्म वर्ष 1969 में शिमला में हुआ। उन्होंने सेंट एडवर्ड्स स्कूल, शिमला से 12वीं तक की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद संजौली कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई की। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से वर्ष 1993 में एलएलबी की डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में वकालत शुरू की। वर्ष 2008 में उनका चयन दिल्ली उच्च न्यायिक सेवा में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर हुआ।
बताया गया कि चयन परीक्षा में उन्होंने सर्वोच्च स्थान हासिल किया था। दिल्ली उच्च न्यायिक सेवा में करीब 16 वर्षों के कार्यकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न अदालतों में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वह जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर भी सेवाएं दे चुके हैं। शिमला में शिक्षा और वकालत के दौरान न्यायमूर्ति दिनेश भट्ट सामाजिक गतिविधियों से भी जुड़े रहे। उन्होंने दिव्यांगजनों, बेसहारा महिलाओं, बुजुर्गों और गरीब मरीजों की मदद के साथ-साथ वृक्षारोपण जैसी गतिविधियों में योगदान दिया। वह नियमित रक्तदाता भी रहे हैं। दिल्ली हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में उनकी नियुक्ति को शिमला के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनके न्यायिक अनुभव और सामाजिक सरोकारों को देखते हुए शहरवासियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...