Site icon Dainik Savera Times

26 जुलाई को बचत भवन में आयोजित होगा जिला स्तरीय कारगिल विजय दिवस समारोह – उपायुक्त

शिमला: जिला प्रशासन शिमला द्वारा 26 जुलाई, 2026 को कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन बचत भवन शिमला में किया जाएगा। समारोह में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों एवं वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया जाएगा। इस संबंध में आयोजित तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने संबंधित अधिकारियों को समारोह के सफल एवं गरिमामयी आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अद्वितीय शौर्य एवं राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को नमन किया जायेगा तथा उन्हें सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कारगिल विजय दिवस पर आधारित एक वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही, उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने के लिए शपथ भी दिलाई जाएगी। समारोह में कारगिल युद्ध के वीर योद्धा एवं पूर्व सैनिक अपने अनुभव साझा करेंगे, जिससे युवाओं एवं आम नागरिकों को देशभक्ति और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा मिलेगी।

उपायुक्त ने बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी उपमंडल अधिकारियों (नागरिक) को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने उपमंडलों में कारगिल वीरों के परिजनों को सम्मानित करें। बैठक में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, एसडीएम शिमला (ग्रामीण) एवं सहायक आयुक्त मंजीत शर्मा, उप निदेशक सैनिक कल्याण विभाग अतुल चंबियाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version