Site icon Dainik Savera Times

हिंदी दिवस पर गेटी थिएटर में होगा जिला स्तरीय कवि सम्मेलन

शिमला: हिंदी दिवस के अवसर पर भाषा एवं संस्कृति विभाग, जिला शिमला की ओर से 14 सितंबर को गेटी थिएटर शिमला में जिला स्तरीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। हिंदी पखवाड़े के तहत आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जिला शिमला के विभिन्न क्षेत्रों से कवि और साहित्यकार हिस्सा लेंगे।

कवि सम्मेलन में साहित्यकार अपनी रचनाओं के माध्यम से हिंदी भाषा और साहित्य के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, देशभक्ति, सामाजिक सरोकार और समसामयिक विषयों को अभिव्यक्ति देंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदी भाषा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ हिंदी साहित्य को प्रोत्साहित करना और स्थानीय कवियों एवं साहित्यकारों को मंच प्रदान करना है।

भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत इससे पहले 9 सितंबर को बच्चों के लिए भाषण, निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हिंदी भाषा के प्रति अपनी रुचि और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसी अवसर पर राजभाषा पुरस्कार भी वितरित किए गए। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार मुख्य अतिथि उपायुक्त शिमला के कर कमलों द्वारा प्रदान किए गए।

विभाग की ओर से हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार तथा हिंदी साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। 14 सितंबर को गेटी थिएटर में होने वाला जिला स्तरीय कवि सम्मेलन हिंदी दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version