Site icon Dainik Savera Times

692 विद्यार्थियों ने खेल प्रतिभा का किया प्रदर्शन

District-Level Under-14 Sports Meet Concludes : शिमला। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तकलेच में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-14 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता में 20 ब्लॉकों के करीब 692 विद्यार्थियों ने वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी और बैडमिंटन में भाग लिया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए पढ़ाई के साथ खेलों में भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता में 20 ब्लॉकों के लगभग 692 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 519 सरकारी तथा 173 निजी विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल रहे। विद्यार्थियों ने वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी और बैडमिंटन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। खेलकूद शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपने साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में शिक्षा क्षेत्र में 9 हजार से अधिक नौकरियां प्रदान की हैं। प्रदेश में वर्तमान में 14,663 शिक्षण संस्थान हैं, जहां 65 हजार से अधिक अध्यापक सेवाएं दे रहे हैं तथा 7 लाख से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की साक्षरता दर अब 99.30 प्रतिशत हो गई है। प्रदेश स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में देश में छठे तथा राज्यों की श्रेणी में तीसरे स्थान पर है। *खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने पर विशेष बल* शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि 69वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुल 48 पदक प्राप्त किए, जिनमें 8 स्वर्ण, 11 रजत और 29 कांस्य पदक शामिल हैं। पिछले सत्र में 22 छात्र खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 11 स्पोर्ट्स हॉस्टल हैं, जहां अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को खेल सामग्री एवं प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। खिलाड़ियों की डाइट मनी को भी 120 रुपये से बढ़ाकर 250 रुपये प्रतिदिन किया गया है।

शिक्षा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तकलेच में बरसात से खेल मैदान एवं दीवार को हुए नुकसान की मरम्मत के लिए प्रथम चरण में 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालय में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 50 हजार रुपये देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 100 विद्यालयों को सीबीएसई विद्यालय बनाने की योजना के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तकलेच को भी शामिल किया जाएगा।

Exit mobile version