Site icon Dainik Savera Times

उपायुक्त डॉ. अमित शर्मा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

कूल्लू: उपायुक्त डॉ. अमित शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों की अनुपालना तथा सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे विभिन्न उपायों की विस्तृत समीक्षा की गई।उपायुक्त ने कहा कि जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इसका विवरण सभी एसडीएम को भेज दिया गया है।

बैठक में जनवरी 2026 से सितंबर 2026 तक की दुघर्टनाओं के आंकड़ों के विश्लेषण की जानकारी में बताया गया कि कुल्लू ज़िले में दर्ज कुल 125 सड़क दुर्घटनाओं में सबसे प्रमुख कारण चालक का ध्यान भटकना है, जिसके अंतर्गत सर्वाधिक 53 मामले (42.4%) दर्ज किए गए हैं। इसके पश्चात 29 मामले (23.2%) अभी जांच या अवलोकन के अधीन हैं, जो दर्शाता है कि लगभग एक-चौथाई घटनाओं के अंतिम कारणों की पुष्टि होना शेष है। तीसरे स्थान पर लंबी दूरी तय करने या चालक की थकान व बेचैनी से जुड़े 12 मामले (9.6%) हैं, जो पहाड़ी मार्गों पर वाहन संचालन की चुनौतियों को रेखांकित करते हैं।

इसके अतिरिक्त वाहन से गिरने के 10 (8.0%), स्थिर वस्तु या सड़क किनारे संपत्ति से टकराने के 8 (6.4%), मौसम की स्थिति के कारण 7 (5.6%), तथा जानवरों की समस्या से संबंधित 6 मामले (4.8%) दर्ज हुए हैं। आंकड़ों से यह बात भी सामने आई कि दुर्मघटनाओं में मरने वालों में सबसे अधिक लोग 26 से 45 वर्ष आयु वर्ग के हैं। समग्र रूप से ये परिणाम संकेत देते हैं कि अधिकांश दुर्घटनाएं मानवीय त्रुटि और एकाग्रता की कमी से जुड़ी हैं, जिनके नियंत्रण के लिए चालक जागरूकता और सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करना आवश्यक है। उपायुक्त ने आंकड़ों से निकले निष्कर्ष के आधार पर सभी विभागों को दुर्घटनाओं को कम करने के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने ई-डार पोर्टल पर उपलब्ध सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों का विस्तृत विश्लेषण किया तथा पीएम राहत योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को तत्काल उपचार उपलब्ध करवाने के लिए कैशलेस उपचार का प्रावधान है। उन्होंने सभी एसडीएम को समय-समय पर स्कूल बसों का निरीक्षण करने तथा इनमें निर्धारित सुरक्षा मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने को कहा।

बैठक में जानकारी दी गई कि बंजार उपमंडल में यह कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा बाकि सभी उप मंडलों में भी इस कार्य को द्रुत गति से चलाया जा रहा है। उपायुक्त ने पुलिस विभाग और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को ओवरलोडिंग, वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने, निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन, बिना हेलमेट वाहन चलाने, नशे में वाहन चलाने तथा सरिया आदि सामग्री को असुरक्षित ढंग से परिवहन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।उन्होंने लोक निर्माण विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को जिले में दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान कर उनमें आवश्यक सुधार करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जन जागरूकता अभियान सहित विभिन्न गतिविधियां निरंतर आयोजित की जा रही हैं। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने राजमार्ग पर किये गए अतिक्रमण को हटाने के लिए एनएचएआई को विशेष अभियान चलने के निर्देश दिए तथा बीआरओ को भी अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत इस कार्य में सहयोग करने को कहा । बैठक में जिला स्तरीय उच्च मार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स के शीघ्र गठित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक का संचालन क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आकांक्षा शर्मा ने किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बी.सी. नेगी, डॉ. सुरेश सहित जिला सड़क सुरक्षा समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

📍 Location: Kullu (Kullu)

Exit mobile version