कुल्लू: उपायुक्त डॉ. अमित शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों की अनुपालना तथा सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे विभिन्न उपायों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इसका विवरण सभी एसडीएम को भेज दिया गया है।
उपायुक्त ने ई-डार पोर्टल पर उपलब्ध सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों का विस्तृत विश्लेषण किया तथा पीएम राहत योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को तत्काल उपचार उपलब्ध करवाने के लिए कैशलेस उपचार का प्रावधान है। उन्होंने सभी एसडीएम को समय-समय पर स्कूल बसों का निरीक्षण करने तथा इनमें निर्धारित सुरक्षा मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने को कहा।
उपायुक्त ने पुलिस विभाग और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को ओवरलोडिंग, वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने, निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन, बिना हेलमेट वाहन चलाने, नशे में वाहन चलाने तथा सरिया आदि सामग्री का असुरक्षित ढंग से परिवहन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को जिले में दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान कर उनमें आवश्यक सुधार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जनजागरूकता अभियान सहित विभिन्न गतिविधियां निरंतर आयोजित की जा रही हैं। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। बैठक का संचालन क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आकांक्षा शर्मा ने किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर, एसडीएम कुल्लू डॉ. जयवंती ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बी.सी. नेगी, डॉ. सुरेश सहित जिला सड़क सुरक्षा समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
📍 Location: Kullu (Kullu)

