कुल्लू: जिला के मुख्यालय ब्यास नदी पर अब जल्द ही एक और डबल लेन ब्रिज लगाया जाएगा। ताकि कुल्लू शहर और फोरलेन को आपस में जोड़ा जा सके। इसके अलावा पीरड़ी में बन रहे पुल का कार्य भी 31 मार्च से पहले पूरा किया जाएगा। ऐसे में इस पुल के बनने से नदी के दोनों और जाने के लिए लोगों को सुविधा मिलेगी और सैलानी भी फोरलेन से कुल्लू शहर होते हुए मनाली की ओर निकल सकते हैं।
इसी विषय को लेकर वर्ल्ड बैंक की टीम ने कुल्लू शहर का निरीक्षण किया और ब्यास नदी में डबल लेन ब्रिज बनाने की संभावनाओं के बारे में भी चर्चा की। वहीं इस दौरान कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे। विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने बताया कि यहां पर कुल्लू शहर को जोड़ने के लिए पहले ब्यास नदी के ऊपर भूतनाथ पुल बनाया गया था। लेकिन उसमें तकनीकी खामी आने के चलते फिलहाल पुल से छोटे वाहनों को ही गुजर जा रहा है।
ऐसे में अब वर्ल्ड बैंक की टीम के द्वारा यहां पर निरीक्षण किया गया है और कुल्लू शहर को फोरलेन से जोड़ने के लिए जल्द ही एक डबल लेन ब्रिज बनाया जाएगा। ताकि बड़े वाहन भी आसानी से फोरलेन के माध्यम से कुल्लू शहर में प्रवेश कर सके। उन्होंने बताया कि पीरडी में भी एक पुल का निर्माण किया जा रहा है। इससे फोरलेन के माध्यम से कुल्लू मनाली आने वाले सैलानियों को सुविधा मिलेगी और वह ब्यास नदी में राफ्टिंग का भी मजा ले सकेंगे। ऐसे में ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं कि वह 31 मार्च से पहले इस पुल के कार्य को पूरा कर जनता को समर्पित करें।
📍 Location: Kullu (Kullu)

