Site icon Dainik Savera Times

शहर से गांव तक मजबूत होगी पेयजल, सिंचाई और सीवरेज व्यवस्था : मुकेश अग्निहोत्री

रोहड़ू : उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रोहड़ू में जल शक्ति विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान क्षेत्र में चल रही पेयजल, सिंचाई एवं सीवरेज परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य शहरों के साथ-साथ ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों तक बेहतर जल एवं सीवरेज सुविधाएं पहुंचाना है। बैठक में रोहड़ू मंडल की 43 पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपमुख्यमंत्री ने इनके शीघ्र क्रियान्वयन के लिए 1 करोड़ रुपए जारी करने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए ताकि लोगों को नियमित पेयजल सुविधा मिल सके।

रोहड़ू कस्बे की सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट परियोजना पर भी चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि एसटीपी के विस्तार के लिए लगभग 41 करोड़ रुपए का प्राक्कलन तैयार किया गया है और इसके लिए बजट प्रावधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत 56 परियोजनाओं में से 50 पूरी हो चुकी हैं, जबकि 6 पर कार्य जारी है। इन योजनाओं पर लगभग 142 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। वहीं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत 11 में से 9 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 2 निर्माणाधीन हैं।

बैठक में रोहड़ू, चिड़गांव और हाटकोटी के लिए नमामि गंगे योजना के तहत 41.55 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित एसटीपी परियोजनाओं सहित जलापूर्ति और सीवरेज व्यवस्था के विस्तार से जुड़े कई प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए गए। उपमुख्यमंत्री ने सभी योजनाओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जल प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में विधायक रोहड़ू मोहन लाल ब्राक्टा, हिमफैड के अध्यक्ष महेश्वर सिंह चौहान, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर, उपमंडलाधिकारी रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा, डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान तथा जल शक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version