Last Updated: November 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

रामपुर में पिकअप गाड़ी से 19.5 ग्राम चिट्टा बरामद, चालक गिरफ्तार

November 15, 2026

रामपुर में पिकअप गाड़ी से 19.5 ग्राम चिट्टा बरामद, चालक गिरफ्तार

रामपुर बुशहर। शिमला जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत रामपुर पुलिस की डिटेक्शन टीम ने लोअर डकोलड़ के पास एक पिकअप गाड़ी से 19.5 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में गाड़ी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान खुशवंत पुत्र सतेंद्र सिंह निवासी तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपमंडल रामपुर की डिटेक्शन टीम वजीर बावड़ी–ब्रौ संपर्क सड़क पर गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस टीम की नजर लोअर डकोलड़ के पास संदिग्ध अवस्था में खड़ी एक पिकअप गाड़ी पर पड़ी। पुलिस को गाड़ी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद टीम ने वाहन की जांच करने का निर्णय लिया।

पुलिस ने नियमानुसार स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में पिकअप गाड़ी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान चालक सीट के साथ बिछे फुटमैट के नीचे एक पारदर्शी एयरटाइट प्लास्टिक की पुड़िया छिपाकर रखी हुई मिली। जब पुलिस ने पुड़िया की जांच की तो उसमें करीब 19.5 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।

इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी खुशवंत को गिरफ्तार कर लिया और नशे की खेप को कब्जे में ले लिया। मामले में पुलिस थाना रामपुर में अभियोग संख्या 135/2026 दिनांक 14 नवंबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को आगामी कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपी के पास हेरोइन कहां से पहुंची थी और क्या वह स्वयं नशे की खेप का इस्तेमाल करता था या इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति अथवा नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भूमिका है।

शिमला पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें