Site icon Dainik Savera Times

रेड अलर्ट के चलते कालका-शिमला रेल ट्रैक पर थमे पहिए, 4 ट्रेनें रद्द

शिमला : हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के रेड अलर्ट का असर अब विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलमार्ग पर भी दिखने लगा है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे बोर्ड ने 21 जुलाई को इस रेलखंड पर चलने वाली 2 अप और 2 डाउन यानी कुल 4 ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। रेलवे प्रशासन ने अग्रिम टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को मैसेज और फोन कॉल के माध्यम से ट्रेनों के रद्द होने की सूचना देना शुरू कर दिया है ताकि उन्हें किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जारी सूचना के अनुसार भारी बारिश और संभावित भूस्खलन के खतरे को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए यह निर्णय लिया गया है। रेलवे की सभी टीमें अलर्ट पर हैं और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मौसम खराब रहने और भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने किसी भी यात्रा की योजना बनाने से पहले यात्रियों को उत्तर रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से ट्रेनों की स्थिति की जांच करने की सलाह दी है। रेल मार्ग के अवरूद्ध होने के स्थिति में रेल के रास्ते में फंस जाने से यात्रियों को ना सिर्फ असुविधा होती है, साथ ही सुरक्षा को लेकर भी परेशानी बढ़ जाती है।

Exit mobile version