Site icon Dainik Savera Times

आपरेशन अलर्ट के दौरान शहीद सिरमौर का लाल हुआ पंचतत्व में विलीन, हजारों लोगों ने नम आंखों से दी विदाई

सिरमौर: आपरेशन अलर्ट के दौरान अरुणाचल प्रदेश में जिला सिरमौर के शहीद आशीष चौहान की पार्थिव देह वीरवार दोपहर बाद पंचतत्व में विलीन हो गई। गुरू की नगरी पांवटा साहिब में यमुना नदी किनारे उनका पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जहां उनके बड़े भाई राहुल और जुड़वां भाई रोहित ने उन्हें मुखाग्नि दी। शहीद की अंतिम यात्रा के दौरान फर्स्ट पैरा नाहन से आए सैनिकों ने सलामी दी। सैन्य अधिकारी ने शहीद की माता को वह राष्ट्रध्वज सौंपा, जिसमें लिपटकर शहीद घर पहुंचा था। इस दौरान सैन्य अधिकारियों व जवानों समेत हजारों लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। इससे पूर्व शहीद की पार्थिव देह को सबसे पहले उनके पैतृक गांव भरली पहुंचाया गया, जहां पार्थिव देह को अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया।

इस दौरान आशीष चौहान “अमर रहे” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।इसके बाद उनकी पार्थिव देह को पांवटा साहिब स्वर्गधाम पहुंचाया गया। उनकी अंतिम यात्रा में हजारों लोगों ने शामिल होकर नम आंखों से विदाई दी। गौर हो कि 19 ग्रेनेडियर यूनिट में तैनात आशीष गत मंगलवार को अरुणाचल प्रदेश में ऑपरेशन अलर् के दौरान वाहन दुर्घटना में दो अन्य सैनिकों के साथ शहीद हो गए थे। इस आपरेशन में देश के तीन जवान शहीद हुए, जिसमें सिरमौर का लाल आशीष कुमार भी वीरगति को प्राप्त हुआ हैं। आशीष 6 साल पहले सेना में भर्ती हुए थे।आशीष की शहादत से क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

Exit mobile version