
Dussehra to Host Global Dance for the First Time : कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव इस बार वैश्विक सांस्कृतिक रंगों से सराबोर होगा। 21 अक्टूबर से शुरू होने वाले उत्सव में पहली बार ग्लोबल डांस का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अब तक 12 देशों ने भाग लेने की सहमति दी है। आयोजकों को उम्मीद है कि 24 से अधिक देशों के कलाकार इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
उत्सव समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं और ग्लोबल डांस के लिए ढालपुर मैदान में अलग मंच बनाया जाएगा। इसके साथ ही सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और व्यापारियों को प्लॉट आवंटन की व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इसके लिए दशहरा उत्सव समिति के द्वारा भी तैयारी शुरू कर दी गई है और सभी कलाकारों के लिए कोरियोग्राफर की भी व्यवस्था की गई है। यह बात अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कही। विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने वीरवार को ढालपुर मैदान का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को भी तैयारी को लेकर दिशा निर्देश जारी किए। विधायक सुंदर ठाकुर ने कहा कि बीते दिनों दिल्ली में भी दशहरा उत्सव को लेकर कर्टन रेजर सेरेमनी आयोजित की गई है और विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ भी मुलाकात कर उन्हें दशहरा उत्सव में आने का निमंत्रण दिया गया है।
ऐसे में ढालपुर में कला केंद्र के अतिरिक्त भी ग्लोबल डांस के लिए अलग से मंच की व्यवस्था की जाएगी। विधायक सुंदर ठाकुर ने कहा कि यहां पर प्लाट आवंटन को लेकर भी व्यापारियों के द्वारा कुछ शिकायतें की जा रही थी। लेकिन प्लाट आवंटन में प्रशासन के द्वारा पूरी तरह से पारदर्शिता बरती गई है और सबलेटिंग को रोकने के लिए ही प्रशासन के द्वारा एक ही कंपनी को प्लाट आवंटित किया गया है। जो आगे व्यापारियों को प्लाट आवंटन का कार्य सुचारू रूप से करेगी। विधायक सुंदर ठाकुर ने कहा कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे तैनात किए जाएंगे।
पुलिस प्रशासन के सहयोग से जगह-जगह पर ट्रैफिक को बेहतर बनाने के लिए भी ट्रैफिक पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। ऐसे में इस साल भी अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा और दशहरा उत्सव की आय में भी बढ़ोतरी की जाएगी।