Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

चिड़गांव में जनरल स्टोर से पटाखों के 4 बॉक्स बरामद, बिना लाइसेंस किया जा रहा था भंडारण

November 6, 2026

चिड़गांव में जनरल स्टोर से पटाखों के 4 बॉक्स बरामद, बिना लाइसेंस किया जा रहा था भंडारण

चिड़गांव। दीपावली के त्योहार को देखते हुए पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ शिमला पुलिस ने अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस थाना चिड़गांव की टीम ने बाजार में कार्रवाई करते हुए पूजा रोड स्थित एक जनरल स्टोर से पटाखों के चार बॉक्स बरामद किए हैं। दुकान संचालक पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट पुलिस के समक्ष पेश नहीं कर सका। पुलिस ने पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 नवम्बर को पुलिस टीम चिड़गांव बाजार में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम ने पूजा रोड स्थित लक्ष्मी जनरल स्टोर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान के अंदर पटाखों के चार बॉक्स रखे हुए मिले। दुकान शुभम सूद पुत्र अशोक सूद निवासी चिड़गांव की बताई जा रही है। पुलिस ने जब दुकान संचालक से पटाखों के भंडारण और बिक्री के लिए जरूरी वैध लाइसेंस एवं अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया।

इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार पटाखों को अपने कब्जे में लेकर पुलिस थाना चिड़गांव में अभियोग संख्या 117/2026, दिनांक 5 नवम्बर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 व 288 तथा विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में पुलिस द्वारा आगामी जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि दीपावली के दौरान पटाखों की मांग बढ़ने के साथ ही इनके अवैध भंडारण और बिक्री की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में जिला पुलिस शिमला ने जिलेभर में निगरानी बढ़ाते हुए विशेष अभियान चलाया हुआ है। पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण, वितरण या बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें