Site icon Dainik Savera Times

ठियोग मारपीट केस में पुलिस का एक्शन, 8 आरोपी गिरफ्तार

Eight Arrested in Theog Assault Case : शिमला। ठियोग के गजेड़ी बाईपास में मारपीट और एक व्यक्ति को घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 5 अक्टूबर को मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। गिरफ्तार सभी आरोपियों को अब न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य पहलुओं और घटना के कारणों की जांच जारी है।

मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 190, 191(2), 191(3) और 351(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, 4 अक्तूबर को गजेड़ी बाईपास में मारपीट की घटना सामने आई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना ठियोग की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। घटना के संबंध में चश्मदीद गवाह का बयान दर्ज किया गया, जबकि घायल व्यक्ति को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनाक्रम से जुड़े लोगों की पहचान और उनकी तलाश शुरू की। पुलिस की कार्रवाई के बाद आठ आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम बहादुर कंवर (26), निर्मल (25), अनिल कुमार (22), गोविन्दा उर्फ दीपेश (20), गणेश (34), सेती राम (23), प्रकाश (19) और सुरेन्द्र उर्फ सरोज (27) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी नेपाल के सल्यान जिले के निवासी हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें अब माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में पुलिस द्वारा घटना के कारणों और मारपीट में शामिल अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट, धमकी अथवा किसी भी तरह की हिंसक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version