Eight Sports to Promote a Drug-Free Youth in Himachal : कुल्लू। युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे से दूर रखने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान’ प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को 30 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा। एसडीएम सरकाघाट कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी आठ खेलों में भाग ले सकेंगे। पंजीकरण खेलो हिमाचल पोर्टल पर पूरी तरह निःशुल्क होगा।
यह जानकारी एसडीएम सरकाघाट कृष्ण कुमार शर्मा ने सोमवार को एसडीएम कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। बैठक में अभियान के सफल आयोजन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसडीएम ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रखने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स, कुश्ती, हॉकी, रस्साकशी और बैडमिंटन सहित आठ खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इनमें 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताएं उपमंडल, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित होंगी। उन्होंने बताया कि इच्छुक खिलाड़ियों एवं टीमों को खेलो हिमाचल पोर्टल पर 30 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा। पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क है। प्रतियोगिताओं के विभिन्न स्तरों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों और टीमों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। एसडीएम ने उपमंडल सरकाघाट के खिलाड़ियों, युवाओं और विद्यार्थियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि खेल न केवल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों में लगाकर उन्हें चिट्टे सहित अन्य नशों से दूर रखना और नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित करना है। बैठक में डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम, तहसीलदार मनीष कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष पुष्पा देवी, जल शक्ति विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंताओं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

