पलवल (कुलवीर दीवान): केजीपी एक्सप्रेस वे स्थित छज्जू नगर टोल प्लाजा पर ड्यूटी न करने के विवाद में मैनेजर के साथ टोल कर्मियों और उनके साथियों ने मारपीट कर दी। मैनेजर की कनपटी पर बंदूक तानकर जेब में रखे 86 हजार रु भी लूट लिए गए। हमले में मैनेजर को गंभीर चोटें आईं हैं। चांदहट थाना पुलिस ने मामले में 11 नामजद के खिलाफ लूट, मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पलवल पुलिस डीएसपी ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि केजीपी एक्सप्रेस वे स्थित छज्जू नगर टोल प्लाजा पर मैनेजर पद पर कार्यरत नरेश डागर ने शिकायत दी है कि बीती 12 मार्च को उसके टोल पर काम करने वाले हितेन्द्र, पप्पू, जवाहर व कमल, दिनेश चौहान, सुंदर, अमित व जोगेंद्र, सुंदर, मनीष लवानिया व आठ-दस बदमाश योजना बनाकर उसके पास आए। आरोपितों के हाथों में लाठी, डंडे व बंदूक थी। आरोपी आते ही बोले कि हम यहां पर मजदूरी करने नहीं आए हैं हम ऐसी ही मौज मस्ती करेंगे और तनख्वाह लेंगे। जब मैनेजर ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोपियों ने मैनेजर की कनपटी पर बंदूक लगा दी और लाठी व रोड से पीड़ित पर वार किए। आरोपियों ने कहा कि अभी तो इससे रंगदारी भी लेनी है। इतना कहते ही आरोपी सुंदर और अमित ने मैनेजर की जेब में रखे हुए 86 हजार रुपए भी ले लिए। पुलिस ने मामले में 11 नामजद के खिलाफ लूट, मारपीट, समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी गांव असावटा के रहने वाले हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में प्रवीण, सुंदर, पप्पू शामिल है।
