Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

कर्मचारियों-पेंशनरों का रोष धरना, विधायक कार्यालय का घेराव

September 19, 2026

कर्मचारियों-पेंशनरों का रोष धरना, विधायक कार्यालय का घेराव

Employees, Pensioners Hold Protest : कुल्लू। धर्मकोट में कर्मचारियों और पेंशनरों की ओर से विधायक दविंदरजीत सिंह लाडी ढोस के कार्यालय के बाहर विशाल रोष धरना एवं रैली की गई। इसमें साझा कर्मचारी मंच तथा कर्मचारी-पेंशनर साझा फ्रंट तालमेल कमेटी मोगा से जुड़े नेताओं और विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया।

इस दौरान नेताओं ने मुख्यमंत्री के साथ चंडीगढ़ में हुई बैठक में हुई बातचीत के बारे में कर्मचारियों और पेंशनरों को जानकारी दी। स्टेज सचिव जगदीश सिंह चहल ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ कर्मचारियों और पेंशनरों की मांगों पर करीब डेढ़ घंटे तक विस्तार से चर्चा हुई। नेताओं ने 15 जनवरी 2015 के पत्र के अनुसार तीन वर्ष के प्रोबेशन पीरियड के दौरान बेसिक पे के बजाय पूरी तनख्वाह देने, 17 जुलाई 2020 के पत्र को वापस लेने तथा कर्मचारियों पर केंद्र सरकार के बजाय पंजाब सरकार के वेतनमान लागू करने की मांग रखी।

इसके अलावा पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। कुलदीप सिंह पीएसएमएसयू, भजन सिंह गिल, भूपिंदर सिंह सेखों, सुखमंदर सिंह, कुलबीर सिंह ढिल्लों, बलौर सिंह घाली, रामकिशन धर्मकोट और गुरमेल सिंह नाहर ने कहा कि कंप्यूटर अध्यापकों, ठेके और आउटसोर्स कर्मचारियों तथा कम मानदेय पर काम करने वाले कर्मचारियों को नियमित करने और उनका वेतन बढ़ाने की मांग भी सरकार के समक्ष रखी गई है। आंगनवाड़ी, आशा वर्करों और मिड-डे मील कुकों के मानदेय में बढ़ोतरी की मांग भी उठाई गई।

राजिंदर सिंह रियाड़, सुरजीत सिंह गगड़ा और अमनदीप माछीके ने कहा कि सरकार ने 8 प्रतिशत डीए देने की घोषणा की है, जबकि कर्मचारियों-पेंशनरों की मांग हाईकोर्ट के फैसले के अनुसार 18 प्रतिशत डीए और उसका बकाया एकमुश्त जारी करने की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने हाईकोर्ट के फैसले को लागू करने की बात कही। सुरिंदर राम कुस्सा ने बताया कि 1 जनवरी 2016 से पहले सेवानिवृत्त पेंशनरों को 2.59 का गुणांक देने तथा हाईकोर्ट के फैसलों को सभी पर लागू करने की मांग भी रखी गई। नेताओं ने जुलाई 2003 से अक्टूबर 2006 तक सेवानिवृत्त पेंशनरों से संबंधित कम्यूटेशन के फैसले को भी सभी पेंशनरों पर लागू करने की मांग की।

नेताओं ने स्पष्ट किया कि अभी केवल बातचीत हुई है और कोई मांग पूरी नहीं हुई है। अक्टूबर के पहले सप्ताह में सरकार के साथ दोबारा बातचीत की संभावना है। उन्होंने कहा कि 19-20 सितंबर के कार्यक्रम, 10 अक्टूबर की संगरूर रैली तथा 30 सितंबर को विधानसभा घेराव का कार्यक्रम जारी रहेगा। उन्होंने मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया। रैली के बाद कर्मचारियों-पेंशनरों ने विधायक लाडी ढोस के कार्यालय तक मार्च किया और कार्यालय का घेराव कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। रैली में निहाल सिंह वाला, बाघापुराना, मोगा, धर्मकोट और कोट ईसे खां सहित विभिन्न ब्लॉकों और गांवों से सैकड़ों कर्मचारी, पेंशनर तथा विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें