Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Sujanpur में सेना दिवस के आयोजन को लेकर पूर्व सैनिकों ने की बैठक

January 9, 2024

Sujanpur में सेना दिवस के आयोजन को लेकर पूर्व सैनिकों ने की बैठक

सुजानपुर (गौरव जैन) : सुजानपुर के ऐतिहासिक चौगान में 15 जनवरी को सुबह 10:30 बजे 76वें सेना दिवस के आयोजन को अमली जामा पहनाने के लिए पूर्व सैनिक भी पूरे उत्साह से जुट गए हैं और आज इस सिलसिले में पूर्व सैनिकों की एक बैठक भी हुई, जिसमें इस आयोजन को भारतीय सेना की गौरवपूर्ण परंपराओं के अनुरूप भव्य रूप से मनाने के लिए हर पहलू पर चर्चा हुई। सुजानपुर में सेना दिवस का आयोजन सर्व कल्याणकारी संस्था द्वारा भूतपूर्व सैनिक लीग के साथ मिलकर इस बार 15 जनवरी को बड़े स्तर पर किया जा रहा है।

इसको लेकर पूर्व सैनिकों ने सोमवार को सुजानपुर चौगान में पूर्वाभ्यास भी किया। पूर्व सैनिकों की बैठक के बारे में जानकारी देते हुए कैप्टन ज्योति प्रकाश ने बताया कि भारतीय सेना के लिए 15 जनवरी का दिन एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि 15 जनवरी 1949 को करीब 200 साल के ब्रिटिश शासन के बाद पहली बार किसी भारतीय को भारतीय सेना की बागडोर सौंप गई थी और तब फील्ड मार्शल केएम करियप्पा ने जनरल सर फ्रांसिस बुचर से भारतीय सेना के पहले भारतीय कमांडर इन चीफ के तौर पर पदभार ग्रहण किया था। उन्होंने कहा कि तब से अब तक इस दिन भारतीय सैनिकों की उपलब्धियों, देश सेवा, अप्रितम योगदान और त्याग को सम्मानित किया जाता है।

कैप्टन ज्योति प्रकाश ने बताया कि सुजानपुर के ऐतिहासिक चौगान में 15 जनवरी सुबह 10:30 बजे को 76वें सेना दिवस के शानदार आयोजन के लिए जोरों-शोरों से तैयारी चल रही है। सर्व कल्याणकारी संस्था, सैनिक लीग और सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व सैनिक इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जुट गए हैं और जनता में इस कार्यक्रम को लेकर बहुत उत्साह है क्योंकि यह कार्यक्रम भारतीय सेना की आन, बान व शान से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि सर्वकल्याणकारी संस्था द्वारा हर वर्ष सेना दिवस का आयोजन किया जाता है और इस बार भूतपूर्व सैनिक लीग के साथ मिलकर इस आयोजन को बड़े स्तर पर किया जा रहा है, जिसमें भव्य मार्च पास्ट भी होगा। बड़ी संख्या में सैनिक परिवार इस आयोजन का हिस्सा भी बनेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें