जन्माष्टमी पर पठानियां ने दी शुभकामनाएं

Extended greetings on Janmashtami : शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर प्रदेश और देशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और श्रीमद्भगवद्गीता के संदेशों को मानवता के लिए प्रेरणादायक बताते हुए लोगों से सत्य, धर्म, न्याय और कर्तव्य के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है। यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा है, बल्कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और जीवन मूल्यों का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी के अवसर पर देशभर के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करते हैं और सुख-शांति की कामना करते हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन मानव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने सत्य, धर्म, न्याय और कर्तव्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिए गए उपदेश आज भी पूरी मानवता के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि गीता का संदेश मनुष्य को कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य का निर्वहन करने और सत्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। पठानियां ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करने की दिशा में भी सभी को योगदान देना चाहिए। उन्होंने प्रदेश और देशवासियों के सुखद, स्वस्थ, शांतिपूर्ण एवं समृद्ध जीवन की कामना करते हुए सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
