Site icon Dainik Savera Times

15 वें दिन भी जारी रहा प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन, महिला शिक्षकों ने संभाली आंदोलन की कमान

शिमलाः हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन आज 15वें दिन में प्रवेश कर गया है। इस क्रमिक अनशन की कमान महिला शिक्षकों ने संभाल ली है। बीते कल यानी 8 अगस्त से प्राथमिक शिक्षक संघ की महिला विंग की पदाधिकारियों ने क्रमिक अनशन शुरू कर इस आंदोलन में महिला शिक्षकों की भागीदारी का आगाज किया था।

आज क्रमिक अनशन के 15 वें दिन जिला सोलन PTF की महिला विंग के पदाधिकारियों ने शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा एवं न्यायपूर्ण मांगों की पूर्ति के लिए क्रमिक अनशन में भाग लिया। इस आंदोलन में आज से सोलन जिला की महिला विंग की पदाधिकारी पवन रेखा – अध्यक्षा HPPTF महिला विंग सोलन दुर्गेश विष्ट -वरिष्ठ उपाध्यक्ष HPPTF खण्ड अर्की निर्मला शर्मा -सदस्य HPPTF सोलन अंजली -सदस्य HPPTF सोलन 24 घंटे के क्रमिक अनशन पर बैठा गई है।

इसी तरह अब अलग अलग दिन महिला विंग के हर जिला की पदाधिकारी इस क्रमिक अनशन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगी। यह अनशन 11 जुलाई से शुरू हुई पैदल न्याय यात्रा के 26 जुलाई को शिमला में संपन्न होने के बाद से शुरू किया गया था। इस क्रमिक अनशन की शुरुआत प्राथमिक शिक्षक संघ के राज्याध्यक्ष रमेश शर्मा एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा की गई थी, जिसके बाद हर जिला की कार्यकारणी ने इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। अब इस आंदोलन को आगे जारी रखने का जिम्मा शिक्षक संघ की महिला विंग ने उठाया है।

शिक्षक संघ के इस आंदोलन की मुख्य मांग कॉम्प्लेक्स सिस्टम को वापस लिए जाने की है। इसके साथ ही शिक्षकों ने शिक्षा विभाग एवं सरकार को 25 सूत्रीय मांग पत्र भी सौंपा हुआ है। शिक्षक संघ ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उनकी मांगे 5 सितंबर यानी शिक्षक दिवस से पहले पूरी नहीं होती है तो आंदोलन के स्वरूप को बदला जाएगा।

संघ का कहना है कि अगर अपनी मांगों को मनवाने के लिए उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव तक भी क्रमिक अनशन करना पड़े तो वे इसके लिए भी तैयार हैं। संघ का कहना है कि जब तक शिक्षकों की न्यायोचित मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version