Dainik Savera Times

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को वित्तीय प्रबंधन, डिजिटल साक्षरता एवं विपणन का प्रशिक्षण

सरकाघाट। जिला उद्योग केंद्र, मंडी द्वारा एमएसएमई (एमएसएमई प्रदर्शन संवर्धन एवं तीव्रता कार्यक्रम-रैम्प) के अंतर्गत मंगलवार को भांबला में मार्केटिंग, डिजिटल साक्षरता एवं वित्तीय प्रबंधन विषय पर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लगभग 70 उद्यमियों एवं औद्योगिक इकाई संचालकों ने भाग लिया।

कार्यशाला का उद्देश्य जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को सरकारी योजनाओं, डिजिटल सेवाओं, आधुनिक विपणन माध्यमों तथा वित्तीय प्रबंधन की जानकारी प्रदान कर उन्हें व्यवसाय के विस्तार और नए बाजारों से जोड़ना रहा।

कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों एवं विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभागियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न औद्योगिक प्रोत्साहन योजनाओं, ऑनलाइन पंजीकरण, निविदा प्रक्रिया, डिजिटल सेवाओं, आधुनिक मार्केटिंग तकनीकों तथा वित्तीय प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। इसके साथ ही रैम्प कार्यक्रम के तहत उपलब्ध सुविधाओं, वित्तीय सहायता, क्षमता संवर्धन तथा व्यवसाय विस्तार के अवसरों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

विशेषज्ञों ने उद्यमियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म और आधुनिक विपणन तकनीकों का प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों, सरकारी योजनाओं तथा ऑनलाइन बाजार प्लेटफॉर्म का सही उपयोग कर एमएसएमई इकाइयां अपनी कार्यक्षमता एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ नए बाजारों तक पहुंच बना सकती हैं।

इस दौरान प्रतिभागियों की विभिन्न शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा उन्हें सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यशाला में भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग से आर.आर. पटियाल, प्रसार अधिकारी (उद्योग), सरकाघाट अक्षय शर्मा, एफपीओ गोपालपुर से के.के. ठाकुर तथा एफपीओ धर्मपुर से सतपाल चौहान सहित जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने उद्यमियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, सुविधाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान की।

📍 Location: Mandi (मंडी)

Exit mobile version