Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

करसोग में ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार’ के तहत प्रथम बीपीएल क्लस्टर कार्यक्रम आयोजित, 14 पंचायतों ने लिया भाग

August 11, 2026

करसोग में ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार’ के तहत प्रथम बीपीएल क्लस्टर कार्यक्रम आयोजित, 14 पंचायतों ने लिया भाग

करसोग। विकास खंड करसोग में राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार’ के अंतर्गत प्रथम बीपीएल क्लस्टर कार्यक्रम का आयोजन मिनी सचिवालय करसोग में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी करसोग सुरेंद्र कुमार ने की। कार्यक्रम में विकास खंड की 14 पंचायतों के पात्र बीपीएल परिवारों के सदस्यों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाना तथा उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया एवं पात्रता शर्तों से अवगत करवाना रहा, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी करसोग इन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं, पात्रता शर्तों, उपलब्ध सुविधाओं, आर्थिक सहायता तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में उपस्थित लाभार्थियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शगुन योजना, मुख्यमंत्री सुख सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, कन्या दान योजना, विधवा पुनर्विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आंगनबाड़ी सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन तथा विभिन्न आवास योजनाओं सहित विभिन्न विभागों के माध्यम से चलाई जा रही अन्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को मिलने वाले विभिन्न प्रकार के अनुदान एवं सुविधाओं के बारे में भी अवगत करवाया।

अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने पात्र परिवारों से आग्रह किया कि वे इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अपनी पात्रता के अनुसार इनका लाभ उठाएं।

‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार’ के अंतर्गत आयोजित यह बीपीएल क्लस्टर कार्यक्रम विभिन्न विभागों और पात्र परिवारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लक्षित परिवारों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा 14 पंचायतों से आए पात्र बीपीएल परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।

📍 Location: करसोग, मंडी (Mandi)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें