Forest Employees Raise Pending Demands Before HP Forest Chief : शिमला। वन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की नवनिर्वाचित राज्य कार्यकारिणी ने अध्यक्ष दिनेश शर्मा के नेतृत्व में प्रधान मुख्य अरण्यपाल एवं वन बल प्रमुख सुशील कुमार सिंगला से मुलाकात कर कर्मचारियों की लंबित मांगों और समस्याओं को उठाया। महासंघ ने पदोन्नत वन खंड अधिकारियों की पोस्टिंग, वनरक्षकों को वरिष्ठ वनरक्षक का दर्जा देने, रिक्त पदों पर भर्ती, फील्ड ड्रेस और स्थानांतरण नीति में बदलाव सहित कई मांगें रखीं। वन बल प्रमुख ने कर्मचारियों के सरकारी आवासों के निर्माण और मरम्मत से जुड़े प्रस्ताव 5 दिसंबर से पहले CAMPA की वार्षिक कार्ययोजना में शामिल करवाने के निर्देश दिए।
इस दौरान महासंघ ने वन कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके समाधान की मांग की। बैठक के दौरान महासंघ के पदाधिकारियों ने वन बल प्रमुख को महासंघ के चुनाव और नई राज्य कार्यकारिणी के गठन की जानकारी दी। साथ ही संगठन की आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए वन विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दे उनके समक्ष रखे। महासंघ ने मांग उठाई कि पदोन्नत वन खंड अधिकारियों की जल्द पोस्टिंग की जाए।
इसके अलावा स्थानांतरण नीति में आवश्यक बदलाव करने, वनरक्षकों को वरिष्ठ वनरक्षक का दर्जा देने, फील्ड ड्रेस उपलब्ध करवाने और वनरक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई। कर्मचारियों के लिए कैंटीन सुविधा उपलब्ध करवाने सहित अन्य कर्मचारी हितों से जुड़े विषय भी बैठक में उठाए गए। इस अवसर पर वन बल प्रमुख सुशील कुमार सिंगला ने कहा कि वनरक्षक और वन खंड अधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में रहकर जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करें।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में कर्मचारियों के लिए सरकारी आवास उपलब्ध नहीं हैं या मौजूदा आवासों की स्थिति उचित नहीं है, वहां नए आवासों के निर्माण तथा पुराने आवासों की मरम्मत और सुधार से संबंधित आवश्यक मांगें 5 दिसंबर से पहले CAMPA की वार्षिक कार्ययोजना (APO) में शामिल करवाई जाएं। इससे इन कार्यों के लिए आवश्यक बजट का प्रावधान किया जा सकेगा। बैठक के अंत में महासंघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने वन बल प्रमुख का समय देने और सकारात्मक मार्गदर्शन के लिए आभार जताया।
महासंघ ने उम्मीद जताई कि विभागीय नेतृत्व के सहयोग से कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान होगा और कर्मचारी कल्याण के साथ वन सुरक्षा एवं संरक्षण के कार्यों को भी मजबूती मिलेगी। इस मौके पर महासंघ के महासचिव हंसराज शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नायब सिंह, संयुक्त सचिव संजीव शर्मा, सोलन वन वृत्त अध्यक्ष ताजदीन, शिमला वन वृत्त से योगेश शर्मा, दीपक शर्मा, संदीप हरनोट, सूर्यभगत नेगी, अनीता, साधना सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।