हिमाचल डेस्क: पर्यटन नगरी मनाली के एक होमस्टे में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के 22 वर्षीय पोते की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार दोपहर वह बिस्तर से गिर गया था। अस्पताल ले जाते समय उसके मुंह से झाग निकलने लगी। सिविल अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी देखें :-
अपने दोस्त के साथ घुमने आया था मनाली
जानकारी के अनुसार, सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि सिविल अस्पताल में एक पर्यटक को मृत अवस्था में लाया गया है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक वीर सोरेन, पुत्र बाबूलाल सोरेन, अपने मित्र अग्नय वर्मा (निवासी उत्तर प्रदेश) के साथ मनाली घूमने आया था।
‘सिर में हो रहा था दर्द’
पुलिस को दिए बयान में अग्नय वर्मा ने बताया कि वीर सोरेन 22 फरवरी को अपने दोस्तों के साथ मनाली पहुंचा था। सभी सिमसा स्थित एक होमस्टे में ठहरे हुए थे। 23 फरवरी को वे सोलंग और सेथन घूमने गए और शाम को वापस होमस्टे लौट आए। सोमवार को वे होमस्टे के आसपास घूमकर करीब 12:30 बजे लौटे, जिसके बाद वीर सो गया। जब उसे उठाया गया तो उसने सिर में तेज दर्द की शिकायत की। साथियों ने ब्लिंकिट के माध्यम से दवा मंगवाकर उसे दी।
दोपहर करीब 2:30 बजे कमरे से गिरने की आवाज आई। अंदर जाकर देखा तो वीर सोरेन बिस्तर से नीचे गिरा पड़ा था। उसे तुरंत गाड़ी से सिविल अस्पताल मनाली ले जाया गया। रास्ते में उसके मुंह से झाग निकलने लगी। अस्पताल में डॉक्टरों ने काफी देर तक सीपीआर दिया, लेकिन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पोस्टमार्टम के बाद होगा मौत का खुलासाः डीएसपी
मामले में डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि शव को मनाली शवगृह में रखवाया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
ये भी पढे़ं :-