Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

टौणीदेवी डिग्री कालेज भवन का जल्द करवाया जाएगा शिलान्यास, भूमि समतलीकरण का कार्य शुरू : राजेंद्र राणा

January 9, 2024

टौणीदेवी डिग्री कालेज भवन का जल्द करवाया जाएगा शिलान्यास, भूमि समतलीकरण का कार्य शुरू : राजेंद्र राणा

सुजानपुर (गौरव जैन) : सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि डिग्री कालेज टौणीदेवी के भवन का शीघ्र ही शिलान्यास करवाया जाएगा। इन दिनों भूमि समतलीकरण का कार्य किया जा रहा है। सभी औपचारिकताएं भी पूरी कर कालेज के लिए बजट भी मिल गया है। बमसन की दूरदराज पंचायतों के हजारों लोगों की मांग थी कि टौणीदेवी में कालेज खुले। विशेषकर बेटियों को उच्च शिक्षा की पढ़ाई के लिए दिक्कतें आती थी, लेकिन वर्तमान प्रदेश कांग्रेस सरकार ने क्षेत्र की इस वर्षों पुरानी मांग को एक वर्ष के भीतर ही पूरा कर दिया है।

उन्होंने कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से अस्थाई रूप से टौणीदेवी के एक स्कूल में कक्षाएं भी संचालित कर दी जाएंगी। इससे पहले विधायक राजेंद्र राणा ने राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणीदेवी व राजकीय उच्च पाठशाला पटनौण के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोहों में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की तथा शिक्षा, खेल व अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।

इस अवसर पर विधायक राजेंद्र राणा ने बच्चों से शिक्षा के साथ खेलकूद व अन्य गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने अभिभावकों व शिक्षकों से भी आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी बच्चे के संस्कार व शिष्टाचार ही समाज की दिशा व दशा तय करते हैं, क्योंकि बचपन में दी गई शिक्षा आजीवन रहती है। इससे पहले समारोहों में पहुंचने पर टौणीदेवी पाठशाला के प्रधानाचार्य रजनीश रांगडा़, पटनौण के मुख्याध्यापक महेश एवं स्टाफ सदस्यों ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। समारोहों में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। मुख्यातिथि ने अपनी ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें