हमीरपुर/शिमला : मटौर-शिमला फोरलेन पर चील वाहल से मसियाणा के बीच हथली खड्ड पर बन रहा बड़ा निर्माणाधीन पुल शुक्रवार को अचानक ढह गया। हादसे के दौरान निर्माण कार्य में लगे तीन श्रमिक करीब 100 फीट नीचे जा गिरे। इनमें एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि एक श्रमिक गंभीर घायल हुआ है। वहीं, गहरी खाई में फंसे पांच अन्य श्रमिकों को देर शाम तक सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। पुल के अचानक गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। एंबुलेंस के माध्यम से घायल श्रमिक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। बचाव दलों ने खाई में फंसे अन्य श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान चलाया। बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन पुल की लंबाई 100 मीटर से अधिक है तथा नाले से इसकी ऊंचाई भी करीब इतनी ही बताई जा रही है।
इतने बड़े फोरलेन प्रोजेक्ट के तहत बन रहे पुल के अचानक गिरने से निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था और गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि मटौर-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर मसियाणा के पास हथली खड्ड पर निर्माणाधीन पुल की साइट पर हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि जिला एमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (डीईओसी) को दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई थीं।
उपायुक्त ने बताया कि हादसे में एक श्रमिक की मौत हुई है, जबकि एक श्रमिक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचाराधीन है। गहरी खाई में फंसे पांच अन्य श्रमिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया गया है। फिलहाल संबंधित विभाग मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच में जुटे हैं। जिला पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने बताया कि केस दर्ज करके शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया गया है । इस घटना की गहनता से छानबीन की जा रही है।