
हिमाचल डेस्कः प्रदेश में एंट्री टैक्स दरों में अचानक बढ़ोतरी के विरोध में पंजाब-हिमाचल सीमा पर गड़ामोड़ा बैरियर पर बुधवार को तनाव भरा माहौल रहा। मनाली-चंडीगढ़ हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। नाराज वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने बैरियर पर धरना शुरू कर दिया।
कारों से वसूल 170 रुपये, विरोध तेज
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिना पूर्व सूचना टैक्स बेतहाशा बढ़ा दिया गया। बुधवार सुबह कार चालकों से 170 रुपये तक वसूले गए, जो पहले काफी कम था। उन्होंने हिमाचल से बाहर जा रहे वाहनों को रोक दिया, जिससे सीमा पर लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों का ऐलान है कि शुल्क वापस न होने तक धरना जारी रहेगा।
यात्रियों की बढ़ी परेशानी
धरने से पहले ही बढ़े टैक्स ने विवाद भड़काया। हिमाचल से पंजाब जा रहे ट्रक, बसें और निजी गाड़ियाँ बॉर्डर पर फंस गईं। आपात कार्यों या ऑफिस के लिए निकले यात्रियों को सबसे ज्यादा तकलीफ हो रही है।
वैकल्पिक रूट अपनाएं
प्रशासन ने मंडी-भराड़ी से नयना देवी-टोबा लिंक रोड से आनंदपुर साहिब का सुझाव दिया। यहां कोई बैरियर या प्रदर्शन नहीं है। देहणी-नालागढ़ रूट का विकल्प था, लेकिन वहाँ भी प्रदर्शन शुरू हो गया।