
मंडी: भारी बरसात के चलते जोगिंदर नगर क्षेत्र की गलू-बनेहड़-मझारनू सड़क मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है। बीते दिनों हुई भारी बरसात से घरोन में सड़क पर भारी मलबे के साथ भारी भरकम चट्टान गिर गई जबकि मझारनू के समीप कुंडूनी नामक स्थान पर भूस्खलन से मार्ग बंद हो गया है। अब यह सड़क मार्ग दोनों ओर से बंद हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
इस सड़क मार्ग से घरोन, भटवाड़, कलेहड़, बनेहड़़, कुफरू, छपड़ू, कुंडूनी व अन्य गांव के लोग लाभान्वित होते हैं लेकिन अब सड़क मार्ग दोनों ओर से अवरूद्ध होने के चलते क्षेत्र के लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय पंचायत की प्रधान शकुन्तला ठाकुर, उपप्रधान राकेश ठाकुर सहित स्थानीय निवासी हिंदू राम, बिना राम, हेम सिंह, रोशन ठाकुर, जोगिंदर सिंह सहित अन्य लोगों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क मार्ग को प्राथमिकता के आधार जल्द बहाल करने की मांग की है।
विभाग को प्राथमिकता के तहत मार्ग बहाली के निर्देश : जीवन ठाकुर
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर ने शुक्रवार को घरोन के समीप हुए भारी भरकम भूस्खलन क्षेत्र का जायजा लिया और वहां मौजूद क्षेत्र के लोगों को यथाशीघ्र सड़क बहाल करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क मार्ग प्राथमिकता के तहत खोलने के निर्देश भी दिए।