Site icon Dainik Savera Times

खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान के लिए 30 नवंबर तक करवाएं ऑनलाइन पंजीकरण: डॉ जयबंती

कुल्लू: खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान के तहत आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए 30 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। यह जानकारी एसडीएम कुल्लू डॉ जयबंती ठाकुर ने वीरवार को एसडीएम कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। बैठक में अभियान के सफल आयोजन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसडीएम ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रखने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स, कुश्ती, हॉकी, रस्साकशी, बास्केटबॉल, फुटबाल और बैडमिंटन सहित आठ खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। इच्छुक खिलाड़ियों एवं टीमों को खेलो हिमाचल पोर्टल पर 30 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा। पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क है। प्रतियोगिताओं के विभिन्न स्तरों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों और टीमों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

एसडीएम ने उपमंडल कुल्लू के खिलाड़ियों, युवाओं और विद्यार्थियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल न केवल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों में लगाकर उन्हें चिट्टे सहित अन्य नशों से दूर रखना और नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित करना है।

बैठक में बीडीओ कुल्लू लक्ष्मी चंद, बीडीओ भून्तर गौरव धीमान, उप पुलिस अधीक्षक रोहित मृगपूरी, एसडीओ जल शक्ति विभाग ललित ठाकुर, एसडीओ लोक निर्माण विभाग हरीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

📍 Location: Kullu (Kullu)

Exit mobile version