शिमला: राजधानी शिमला के ढांडा क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी कार का शीशा तोड़कर करीब 15 लाख रुपये कीमत का सामान चोरी करने के मामले में पुलिस थाना पश्चिम की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा सामान बरामद करने के साथ वारदात में इस्तेमाल वाहन को भी कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में 20 सितंबर 2026 को पुलिस थाना पश्चिम में अभियोग संख्या 192/2026 दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसने 19 सितंबर की रात अपनी गाड़ी ढांडा के ऊपर सड़क किनारे पार्क की थी। अगली सुबह जब वह गाड़ी के पास पहुंचा तो उसके पिछले बाएं दरवाजे का शीशा टूटा हुआ था। गाड़ी के अंदर रखा लैपटॉप, मोबाइल फोन, हार्ड डिस्क, घड़ी समेत अन्य सामान गायब था। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया गया, जांच के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 26 सितंबर को 38 वर्षीय लेख राज निवासी तहसील बल्ह, जिला मंडी को IGMC शिमला के समीप से गिरफ्तार किया। इसके बाद 27 सितंबर को दूसरे आरोपी 29 वर्षीय जोध सिंह निवासी तहसील बल्ह, जिला मंडी को सुंदरनगर, मंडी से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से चोरीशुदा सामान बरामद कर लिया है। वारदात में प्रयुक्त वाहन भी कब्जे में लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है।
📍 Location: शिमला (शिमला)