Site icon Dainik Savera Times

गोपालपुर विकास खंड में पात्र परिवारों के चयन के लिए अंतिम चरण की प्रक्रिया शुरू

सरकाघाट: ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के तहत गोपालपुर विकास खंड में पात्र परिवारों के चयन की अंतिम प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। योजना के पहले चरणों में दस्तावेज उपलब्ध न होने के कारण चयन से बाहर रह गए पात्र परिवार अब अंतिम चरण में आवेदन कर सकते हैं।

खंड विकास अधिकारी गोपालपुर, सरकाघाट स्थित, नियोन धैर्य शर्मा ने बताया कि अंतिम चरण में पात्रता निर्धारित करने के लिए आठवें चरण में तय किए गए मानदंड ही लागू होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया के लिए 31 जुलाई 2026 तक जारी किए गए आय प्रमाण-पत्र भी स्वीकार किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों की जांच निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ग्राम, विकास खंड और जिला स्तर पर की जाएगी। केवल आवेदन जमा कर देने से किसी परिवार का चयन सुनिश्चित नहीं होगा। पात्रता का अंतिम निर्णय संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन और सरकार द्वारा तय नियमों के आधार पर किया जाएगा।

बी.डी.ओ. के अनुसार आवेदन प्राप्त करने के साथ-साथ सत्यापन और अनुमोदन की पूरी प्रक्रिया 20 सितंबर 2026 तक पूरी की जानी है। इसके बाद चयनित पात्र परिवारों की अंतिम सूची 25 सितंबर 2026 तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत जारी की जाएगी।

नियोन धैर्य शर्मा ने पात्र परिवारों से अपील की कि वे अंतिम अवसर का लाभ उठाते हुए समय सीमा के भीतर अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालय में आवेदन जमा करें। उन्होंने पंचायत स्तर के अधिकारियों से भी योजना का व्यापक प्रचार करने को कहा, ताकि पात्र परिवारों को इसकी जानकारी समय पर मिल सके और कोई भी योग्य परिवार आवेदन से वंचित न रहे।

Exit mobile version