Site icon Dainik Savera Times

जल नीति पर सरकार श्वेतपत्र जारी करे: विपिन सिंह परमार

पालमपुर: भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं सुलह विधानसभा क्षेत्र से विधायक विपिन सिंह परमार ने प्रदेश सरकार की नई जल नीति को लेकर कई गंभीर प्रश्न उठाते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश केवल पहाड़ों की भूमि नहीं, बल्कि देश की अनेक प्रमुख नदियों का उद्गम स्थल भी है। यहां की नदियां, जलधाराएं और प्राकृतिक जल संसाधन प्रदेश की अमूल्य संपत्ति हैं। ऐसे में इन संसाधनों का आर्थिक मूल्य निर्धारित करने से पहले सरकार को प्रदेश की जनता के जल अधिकारों, किसानों की सिंचाई आवश्यकताओं और भविष्य की पेयजल सुरक्षा का पूरा हिसाब सार्वजनिक करना चाहिए।

परमार ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 26 नवंबर को अतिरिक्त कच्चे पानी की आपूर्ति के लिए ₹100 प्रति 1,000 घन फुट की आधार दर निर्धारित करने की नीति को स्वीकृति दी है। प्रश्न यह नहीं है कि हिमाचल अपने प्राकृतिक संसाधनों का आर्थिक मूल्य क्यों निर्धारित कर रहा है, बल्कि प्रश्न यह है कि इस नीति से प्रदेश के वास्तविक हितों की कितनी रक्षा होगी और इससे अर्जित होने वाली आय का उपयोग किस प्रकार किया जाएगा?

उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या सरकार ने प्रदेश के प्रत्येक जिले, प्रत्येक जलग्रहण क्षेत्र और प्रत्येक नदी घाटी की वास्तविक जल उपलब्धता का समग्र आकलन करवाया है? क्या सरकार के पास आने वाले 20 वर्षों की पेयजल, सिंचाई, कृषि, बागवानी और औद्योगिक आवश्यकताओं का कोई प्रमाणिक आकलन उपलब्ध है? यदि नहीं, तो भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखे बिना जल संसाधनों के आर्थिक उपयोग की नीति कैसे बनाई जा रही है?

परमार ने कहा कि प्रदेश के अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी गर्मियों के दौरान पेयजल आपूर्ति चुनौती बनी रहती है। किसानों और बागवानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। ऐसे में सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि पड़ोसी राज्यों अथवा अन्य संस्थाओं को अतिरिक्त पानी उपलब्ध करवाने से पहले हिमाचल की वर्तमान और भविष्य की आवश्यकताओं को किस प्रकार सुरक्षित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हिमाचल के प्राकृतिक संसाधनों से दूसरे क्षेत्रों को लाभ मिले, इसमें कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए, लेकिन प्रदेश के हितों की अनदेखी किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकती। प्रदेश की नदियों का पानी केवल राजस्व अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि यहां के किसानों, बागवानों, ग्रामीण परिवारों और आने वाली पीढ़ियों की जीवनरेखा है।

परमार ने सरकार से पांच महत्वपूर्ण प्रश्नों का उत्तर सार्वजनिक करने की मांग की…

– प्रदेश में कुल कितना पानी उपलब्ध है और आने वाले वर्षों में प्रदेश को अपनी जरूरतों के लिए कितने पानी की आवश्यकता होगी?

– दूसरे राज्यों अथवा संस्थाओं को अतिरिक्त पानी देने का निर्णय किस आधार पर और किन नियमों के तहत लिया जाएगा?

– पानी की आपूर्ति से सरकार को जो धन मिलेगा, उसका कितना हिस्सा प्रदेश में जल संरक्षण और गांवों की पेयजल योजनाओं पर खर्च किया जाएगा?

– क्या सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि प्रदेश के किसानों, बागवानों और ग्रामीण परिवारों की पानी की जरूरतें पूरी होने के बाद ही अतिरिक्त पानी बाहर दिया जाए?

– पानी की दरों, आपूर्ति के समझौतों और उससे होने वाली कमाई का पूरा ब्यौरा जनता के सामने सार्वजनिक किया जाएगा या नहीं?

भाजपा नेता ने कहा कि सरकार को केवल दर निर्धारित करने और नीति की घोषणा करने से अपनी जिम्मेदारी पूरी मानने की भूल नहीं करनी चाहिए। उसे यह भी बताना होगा कि इस व्यवस्था से प्रदेश के लोगों को प्रत्यक्ष लाभ क्या मिलेगा। जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, पारंपरिक बावड़ियों और प्राकृतिक जलस्रोतों के पुनर्जीवन के लिए कितनी धनराशि निर्धारित की जाएगी? हिमाचल के जल संसाधनों का उचित आर्थिक मूल्य सुनिश्चित करना तभी सार्थक होगा, जब उसका लाभ प्रदेश के गांवों, किसानों और आम नागरिकों तक पहुंचे। सरकार को इस नीति के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता रखनी चाहिए तथा प्रत्येक वर्ष जल उपलब्धता, आपूर्ति, राजस्व और व्यय का सार्वजनिक विवरण जारी करना चाहिए।

परमार ने दो टूक कहा कि हिमाचल की नदियां प्रदेश की धरोहर हैं, कोई ऐसा भंडार नहीं जिसे केवल राजस्व के आंकड़ों में समेट दिया जाए। सरकार पहले प्रदेश की प्यास बुझाने, किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने और आने वाली पीढ़ियों के जल अधिकार सुरक्षित करने की गारंटी दे। हिमाचल के संसाधनों से होने वाली प्रत्येक कमाई में हिमाचल की जनता का अधिकार सर्वोपरि होना चाहिए।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version