श्री रेणुका जी। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आज भारत तीव्र गति से आधुनिक विकास की ओर अग्रसर होने के साथ-साथ सांस्कृतिक पुनर्जागरण के एक नए दौर से गुजर रहा है। देश की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सभ्यतागत विरासत को वैश्विक मंच पर नई पहचान और सम्मान मिल रहा है। राज्यपाल आज सिरमौर जिला में अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उनके साथ लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उपस्थित थीं।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘विकास भी, विरासत भी’ का मंत्र देश की विकास यात्रा को नई दिशा प्रदान कर रहा है। यह मंत्र आधुनिक प्रगति के साथ-साथ भारत की प्राचीन सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश देता है। कविन्द्र गुप्ता ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और उज्जैन में श्री महाकाल लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सभी पहल भारत की सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि श्री रेणुका जी मेले जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन देश की सभ्यतागत पहचान को सुदृढ़ करने, पारंपरिक मूल्यों के संरक्षण और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
राज्यपाल ने माता रेणुका जी और भगवान परशुराम जी के दिव्य मिलन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मेला मातृत्व के स्नेह, त्याग, श्रद्धा और भारतीय पारिवारिक मूल्यों की अटूट शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने सनातन धर्म में नारी के विशिष्ट स्थान का उल्लेख करते हुए कहा कि सीता-राम, राधा-कृष्ण और लक्ष्मी-नारायण के नामों का एक साथ स्मरण करना भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति के प्रति गहन सम्मान और श्रद्धा को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मान केवल धार्मिक मान्यताओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह हमारे व्यवहार और सामाजिक आचरण में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए। प्रधानमंत्री के महिला नेतृत्व वाले विकास के विजन के अनुरूप समाज को महिलाओं के लिए शिक्षा, विज्ञान, उद्यमिता, राजनीति और लोक प्रशासन सहित प्रत्येक क्षेत्र में नेतृत्व की अधिक से अधिक संभावनाएं उपलब्ध करवाई जानी चाहिए।
हिमाचल प्रदेश में धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाओं को रेखांकित करते हुए राज्यपाल ने श्री रेणुका जी जैसे पवित्र स्थलों को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं इको-टूरिज्म के प्रमुख केंद्रों के रूप में योजनाबद्ध ढंग से विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क एवं परिवहन संपर्क, होम-स्टे को बढ़ावा देने, स्थानीय हस्तशिल्प के प्रचार-प्रसार और पर्यटन आधारित उद्यमिता से युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्वदेशी अभियान का आह्वान करते हुए कहा कि पारंपरिक मेले स्थानीय कारीगरों, महिला स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने से स्थानीय आजीविका को मजबूती मिलेगी तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी बल मिलेगा।
राज्यपाल ने युवा पीढ़ी को भारत की सांस्कृतिक जड़ों और सनातन मूल्यों से जोड़ने के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करने पर भी बल दिया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के विश्वविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और शोधकर्ताओं से प्रदेश की प्राचीन देव परंपराओं, लोक कथाओं, लोक संगीत, मंदिरों और धार्मिक मेलों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण एवं डिजिटल संरक्षण करने का आह्वान किया, ताकि यह अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सुलभ बनी रहे।
राज्यपाल ने नशे की बढ़ती समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, अभिभावकों और युवाओं से नशे के विरुद्ध व्यापक जन आंदोलन शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे की लत केवल एक व्यक्ति का जीवन ही बर्बाद नहीं करती, बल्कि पूरे परिवार के सपनों और भविष्य को भी नष्ट कर देती है। राज्यपाल ने मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने तथा प्राकृतिक पत्तलों के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने रेणुका जी झील की पारिस्थितिक पवित्रता और प्राकृतिक सुंदरता को संरक्षित रखने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने पर बल दिया।
राज्यपाल ने माता रेणुका जी की पावन धरती से प्रदेशवासियों से पांच संकल्प लेने का आह्वान किया। इनमें सांस्कृतिक विरासत एवं देव परंपराओं का संरक्षण, हिमाचल को नशामुक्त बनाने में योगदान, महिलाओं का सम्मान एवं सशक्तिकरण, स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना तथा पर्यावरण संरक्षण एवं वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना शामिल है। राज्यपाल ने अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, श्री रेणुका जी विकास बोर्ड, कलाकारों, स्वयंसेवी संगठनों सहित आमजन को बधाई दी। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की जनता को शुभकामनाएं देते हुए सभी नागरिकों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
इससे पूर्व राज्यपाल एवं लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता ने भगवान परशुराम मंदिर और माता रेणुका जी मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा पारंपरिक देव विदाई शोभायात्रा में भाग लिया। राज्यपाल ने मेले के दौरान आयोजित प्रदर्शनी में पुरस्कार प्राप्त करने वाले विभिन्न विभागों को भी सम्मानित किया। श्री रेणुका जी विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं विधायक विनय कुमार ने राज्यपाल का स्वागत किया। उन्होंने श्री रेणुका जी में राज्यपाल के प्रथम आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मेले में स्थानीय कलाकारों की भागीदारी और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने राज्यपाल एवं लेडी गवर्नर को पारंपरिक स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र के कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सांसद सुरेश कश्यप, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष राजीव बिंदल, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत नेगी, जिला प्रशासन के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे। इसके उपरांत, राज्यपाल ने श्री रेणुका जी झील की परिक्रमा की तथा चिड़ियाघर का भ्रमण कर वहां रखे गए बंगाल टाइगर को भी देखा।
📍 Location: शिमला (शिमला)