Site icon Dainik Savera Times

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार की पीठ थपथपाई

हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाने के लिए अब राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार की पीठ थपथपाई है। मुख्यमंत्री से सोमवार को मुलाकात के बाद राज्यपाल ने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा में पूरा प्रदेश प्रभावित परिवारों के साथ है। संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार द्वारा उठाए गए विभिन्न कदम सराहनीय हैं। बचाव एवं राहत कार्य युद्ध स्तर पर चलाए गए, जिससे लोगों को काफी राहत मिली।

मुख्यमंत्री ने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से भेंट के दौरान प्रदेश में भारी बारिश, बाढ़, बादल फटने और भू-स्खलन के कारण हुई जान-माल की क्षति से अवगत करवाया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे राहत कार्यों और प्रभावितों के पुनर्वास के लिए किए गए कार्यों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और सड़क एवं परिवहन व्यवस्था को सुचारू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को 18 से 25 सितंबर तक शिमला में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के आगामी मानसून सत्र के बारे में भी जानकारी दी।

Exit mobile version