Site icon Dainik Savera Times

ऑपरेशन सिंदूर पर बयान से भड़के गोविंद ठाकुर, नेगी को घेरा

 

Govind Thakur Demands Public Apology Over Jagat Singh Negi’s Remarks : कुल्लू। पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह ठाकुर ने कांग्रेस सरकार में मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा विधानसभा के पटल पर भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है।

गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि मंत्री जगत सिंह नेगी ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान राफेल विमानों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए जिस तरह की टिप्पणी की, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। पाकिस्तान के छक्के छुड़ाने के बजाय भारतीय सेना के ही छक्के छूटने जैसी टिप्पणी करना देश की सेना के शौर्य, पराक्रम और वीरता का अपमान है। उन्होंने कहा कि जिस तरह की भाषा पाकिस्तान और भारत विरोधी ताकतों द्वारा इस्तेमाल की जाती है, उसी तरह की टिप्पणी एक जिम्मेदार मंत्री द्वारा विधानसभा के पटल पर करना बेहद गंभीर विषय है।

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/11/1001233821.mp4

इस बयान से देश के सैनिकों, पूर्व सैनिकों और करोड़ों देशभक्त नागरिकों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना के साहस, सामर्थ्य और पराक्रम का प्रतीक है। ऐसे सैन्य अभियान पर सवाल उठाने और सेना की वीरता को लेकर इस प्रकार की टिप्पणी करने से पहले कांग्रेस के नेताओं को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को अपने मंत्री के इस बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उन्हें मर्यादा का पाठ पढ़ाना चाहिए था, लेकिन इसके विपरीत मुख्यमंत्री द्वारा मंत्री की तारीफ करना और भी दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और मंत्री जगत सिंह नेगी सहित पूरी कांग्रेस पार्टी देश के सैनिकों, पूर्व सैनिकों और देशवासियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे तथा इस बयान की स्पष्ट रूप से निंदा करे। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतीय सेना राजनीति से ऊपर है। सेना के शौर्य और बलिदान पर किसी भी प्रकार की राजनीतिक टिप्पणी देशवासियों को स्वीकार नहीं हो सकती। कांग्रेस नेताओं को इस प्रकार की बयानबाजी से बचना चाहिए और देश की सेना के सम्मान एवं गौरव के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

Exit mobile version