Last Updated: November 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

शीतकालीन सत्र के लिए पूरी तरह तैयार सरकार, विपक्ष के हर हमले का देंगे जवाब: CM सुक्खू

November 16, 2026

शीतकालीन सत्र के लिए पूरी तरह तैयार सरकार, विपक्ष के हर हमले का देंगे जवाब: CM सुक्खू

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर सोमवार को धर्मशाला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल विशेष रूप से मौजूद रहीं। बैठक में शीतकालीन सत्र के दौरान सदन में उठाए जाने वाले विभिन्न मुद्दों और विपक्ष की ओर से सरकार को घेरने की संभावित रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत में कांग्रेस विधायक दल ने रामपुर के विधायक नंद लाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। सभी विधायकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री सुक्खू ने भी नंद लाल के निधन पर शोक जताते हुए इसे कांग्रेस पार्टी और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए पूरी तरह तैयार है। विपक्ष की ओर से सदन में उठाए जाने वाले हर सवाल और हमले का सरकार तथ्यों के साथ जवाब देगी। उन्होंने कहा कि सरकार सदन में अपना पक्ष मजबूती से रखेगी और प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है।

मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली पूर्व सरकार के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार को लेकर वर्तमान सरकार सदन में श्वेत पत्र लाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में हुए मामलों की पोल सदन में खोली जाएगी और जनता के सामने सच्चाई रखी जाएगी। मुख्यमंत्री के इस बयान से साफ है कि शीतकालीन सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव देखने को मिल सकता है।

उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष के सवालों का जवाब देने के साथ-साथ पूर्व सरकार के कार्यकाल से जुड़े मुद्दों को भी सदन में प्रमुखता से उठाएगी। उल्लेखनीय है कि शीतकालीन सत्र में भाजपा प्रदेश की आर्थिक स्थिति, कानून व्यवस्था, नशे की समस्या और चुनावी गारंटियों सहित कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि वह आज सोनिया गांधी की पुस्तक के लोकार्पण से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली जाएंगे।

गौरतलब है कि विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 से 21 नवंबर तक धर्मशाला के तपोवन में आयोजित किया जा रहा है। छह दिवसीय सत्र के लिए विधायकों की ओर से कुल 414 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। ऐसे में सदन में जनहित से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी चर्चा के केंद्र में रहने की संभावना है

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें